प्रधानमंत्री मोदी का संसदीय कार्यालय बेचने की कोशिश

ओएलएक्स पर डाला विज्ञापन, 4 हिरासत में

लखनऊ। रातों-रात करोड़पति बनने के लिए कुछ शातिरों ने दुष्टता की हद कर दी। जासाजों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय कार्यालय बेचने के लिए ऑनलाइन विज्ञापन दे डाला। कार्यालय की फोटो को ऑनलाइन सामान खरीद-बिक्री की वेबसाइट ओएलएक्स पर पोस्ट कर दिया गया। कार्यालय की कीमत साढ़े 7 करोड़ रुपए लगा दी गई। यह विज्ञापन सोशल मीडिया पर एकाएक वायरल हो गया। बाद में ओएलएक्स से विज्ञापन को हटा दिया गया। शिकायत मिलने पर वाराणसी पुलिस ने 4 आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच चल रही है। ओएलएक्स वेबसाइट पर यह विज्ञापन देखकर यूजर्स भी यकाएक चकरा गए। विज्ञापन में प्रधानमंत्री मोदी का संसदीय कार्यालय का फोटो दिया गया था। विक्रेता का नाम लक्ष्मीकांत ओझा लिखा था। कार्यालय की कीमत साढ़े 7 करोड़ रुपए आंकी गई। वाराणसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मुताबिक इस प्रकरण में हिरासत में लिए गए सभी आरोपियों से पूछताछ चल रही है। विज्ञापन में कार्यालय की विशेषताओं का भी जिक्र किया गया था। लिखा गया कि हाउसेज एंड विला, 4 बेडरूम बाथरूम के साथ, बिल्डअप एरिया 6500 वर्ग फुट, 2 मंजिल भवन में 2 कार पार्किंग के साथ नार्थ ईस्ट फेसिंग है। ओएलएक्स पर बेचे जा रहे जवाहर नगर एक्सटेंशन में पीएम मोदी के संसदीय कार्यालय की कीमत भी अच्छी खासी लगा दी गई। ओएलएक्स पर विज्ञापन में जानकारी दी गई। इसके अलावा प्रोजेक्ट का नाम पीएमओ कार्यालय वाराणसी लिखा गया था। हालांकि विक्रेता लक्ष्मीकांत ओझा द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर पर कई बार फोन करने के बाद भी कॉल रिसीव नहीं हुई। उधर, ओएलएक्स के इस विज्ञापन से भेलूपुर थाने की पुलिस काफी समय तक बेखबर रही। बाद में सोशल मीडिया में फजीहत होने पर पुलिस ने आनन-फानन में कदम उठाकर 4 आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद आरोपियों के विरूद्ध समुचित कार्रवाई की जाएगी।