प्लास्टिक मुक्त कौशांबी की दिशा में बड़ा कदम, ठेलेवालों को वितरित किए कपड़े के थैले

-पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल और करवा महासचिव विनय महेश्वरी के नेतृत्व में चला जागरूकता अभियान

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कौशांबी क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से सोमवार को करवा संस्था द्वारा सोमवार को एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत पंचमणि टावर, उदयगिरि, कंचनजंगा और आसपास के क्षेत्रों में फल-सब्जी और अन्य ठेलेवालों को करवा की ओर से पर्यावरण के अनुकूल कपड़े के थैले वितरित किए गए। साथ ही उन्हें यह संकल्प भी दिलाया गया कि वे अब प्लास्टिक की थैलियों का प्रयोग नहीं करेंगे। इस महत्वपूर्ण पहल का नेतृत्व पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल और करवा के महासचिव विनय महेश्वरी ने किया। दोनों ने बताया कि यह मुहिम न सिर्फ पर्यावरण को संरक्षित करने की दिशा में है, बल्कि आमजन में प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता फैलाने का भी एक प्रयास है।

पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल ने कहा कि प्लास्टिक हमारे पर्यावरण के लिए एक बड़ा खतरा बन चुका है। इससे न केवल प्रदूषण बढ़ता है, बल्कि यह हमारी आने वाली पीढिय़ों के लिए भी गंभीर समस्या खड़ी कर सकता है। करवा संस्था के माध्यम से हमारा प्रयास है कि लोगों को जागरूक कर प्लास्टिक के विकल्पों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए। आज जो थैले बांटे गए हैं, वह एक छोटी शुरुआत है, लेकिन अगर हर नागरिक इस अभियान में भागीदार बने तो हम कौशांबी को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र बना सकते हैं।

इस अवसर पर क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवियों और जागरूक नागरिकों ने भी सक्रिय भागीदारी दिखाई। कार्यक्रम में राकेश जाखोटिया, वेदांता, शिशिर, परितोष, मनीष जैन, गौरव वर्मा, ओबेरॉय जी, नवीन माथुर जी, विक्रम सिंह और मंगल सिंह सजवान सहित कई लोग उपस्थित रहे। करवा की टीम ने बताया कि आगे भी इस तरह के अभियान कौशांबी के अन्य हिस्सों में चलाए जाएंगे ताकि पूरे क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाया जा सके। अभियान के दौरान लोगों को प्लास्टिक के पर्यावरण पर पडऩे वाले घातक प्रभावों के बारे में बताया गया और उन्हें वैकल्पिक उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।