‘मेक इन इंडिया’ को बढ़ावा: ग्रेटर नोएडा में नीनजस इलेक्ट्रिक की 20,000 वर्ग मीटर नई ईवी उत्पादन सुविधा

-नोएडा एयरपोर्ट के नजदीक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण ईवी क्लस्टर में नई मेगा-फैसिलिटी स्थापित
-ईवी चार्जर्स और सोलर पावर बैंक्स का घरेलू स्तर पर विश्वस्तरीय उत्पादन लक्ष्य
-नवीकरणीय ऊर्जा और ऊर्जा आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में प्रौद्योगिकी नवाचार
-169 करोड़ रुपये के निवेश से स्थानीय रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को मिलेगा बढ़ावा
-पावर इलेक्ट्रॉनिक्स सप्लाई चेन को मजबूत कर आयात पर निर्भरता में कमी

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। ‘मेक इन इंडिया’ पहल और देश के इलेक्ट्रिक वाहन इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने बड़ा कदम उठाया है। प्राधिकरण ने नीनजस इलेक्ट्रिक को सेक्टर 8D में 20,000 वर्ग मीटर भूमि के लिए लेटर ऑफ इंटेंट जारी किया है। यह मेगा-फैसिलिटी नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास विकसित हो रहे ईवी क्लस्टर में स्थापित की जाएगी, जो कंपनी के विस्तार का प्रमुख केंद्र बनेगी।
यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने नीनजस इलेक्ट्रिक के प्रबंध निदेशक विनीत गुप्ता को आधिकारिक पत्र सौंपा। कार्यक्रम में यीडा के एसीईओ शैलेंद्र भाटिया सहित प्राधिकरण और कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस परियोजना के तहत नीनजस इलेक्ट्रिक देश में ऑनबोर्ड ईवी चार्जर्स और सोलर पावर बैंक्स के बड़े पैमाने पर निर्माण पर फोकस करेगी। कंपनी का लक्ष्य भारतीय परिस्थितियों के अनुरूप विश्वस्तरीय, उच्च IP-रेटेड ऑनबोर्ड चार्जर्स विकसित करना है, जो 2-व्हीलर, 3-व्हीलर और लाइट कमर्शियल व्हीकल्स के लिए उपयोगी होंगे। साथ ही अत्याधुनिक सोलर पावर बैंक सिस्टम्स तैयार किए जाएंगे, जिससे नवीकरणीय ऊर्जा भंडारण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।

सेक्टर-8 डी में स्थित यह परियोजना रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। नोएडा एयरपोर्ट के नजदीक होने के कारण इसे बेहतर लॉजिस्टिक्स और कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। इससे घरेलू पावर इलेक्ट्रॉनिक्स सप्लाई चेन को मजबूती मिलेगी और आयात पर निर्भरता कम होगी। नीनजस इलेक्ट्रिक इस परियोजना में करीब 169 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इससे स्थानीय स्तर पर बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित होंगे और ग्रेटर नोएडा व यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र को हरित प्रौद्योगिकी और ईवी विनिर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में नई पहचान मिलेगी। यीडा के नेतृत्व में यह क्षेत्र तेजी से ईवी उद्योग का हब बनता जा रहा है।

राकेश कुमार सिंह
मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ)
यमुना प्राधिकरण

नीनजस इलेक्ट्रिक की नई मेगा-फैसिलिटी से ग्रेटर नोएडा में इलेक्ट्रिक वाहन और हरित ऊर्जा क्षेत्र को नई ताकत मिलेगी। यह परियोजना क्षेत्र में निवेश, रोजगार और आधुनिक तकनीक के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। हम सुनिश्चित करेंगे कि यह सुविधा समय पर स्थापित हो और देश के ‘मेक इन इंडिया’ और ईवी इकोसिस्टम के विकास में योगदान दे।
 राकेश कुमार सिंह
मुख्य कार्यपालक अधिकारी
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण