गाजियाबाद में नींद की झपकी बनी जानलेवा, तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, तीन महिलाओं की मौत

-सिहानी गेट थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक के दौरान हादसा, पुलिस ने कार को कब्जे में लिया, चालक फरार

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शनिवार की सुबह करीब 5:45 बजे सिहानी गेट थाना क्षेत्र के राकेश मार्ग कट पर मॉर्निंग वॉक कर रही महिलाओं समेत चार लोगों को तेज रफ्तार से आती एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला और एक पुरुष घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के अनुसार, सफेद रंग की ईको कार संख्या यूपी-14 एफएल 6669 राकेश मार्ग से जीटी रोड की ओर अत्यधिक तेज रफ्तार में आ रही थी। कार इतनी तेज थी कि मॉर्निंग वॉक पर निकले लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद कार चालक ने डिवाइडर से टकराने के बाद आगे बढ़ते हुए लोगों को रौंद दिया। हादसे में मृतकों की पहचान सावित्री देवी (60 वर्ष), न्यू कोट गांव, मीनू प्रजापति (56 वर्ष), न्यू कोट गांव और कमलेश महिला के रूप में हुई है। घायल विपिन शर्मा की स्थिति स्थिर है। हादसे के बाद चालक फरार हो गया और उसकी कार पुलिस ने कब्जे में ले ली। एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने बताया कि चालक ने नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा किया।

हादसे की सूचना मिलते ही सिहानी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने कार चालक की पहचान नेहरू नगर निवासी मंजुल के रूप में की है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों की तहरीर मिलने के बाद सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे के बाद न्यू कोट गांव के लोग और मृतकों के परिजन सड़क पर उतर आए। जीटी रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। लोग मुआवजे और अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। भारी पुलिसबल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में किया। हादसे के समय सिहानी गेट थाना क्षेत्र में कोई पुलिस गश्ती नहीं कर रही थी।

एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने बताया कि हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक की नींद की झपकी थी। हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए घायलों को अस्पताल भेजा और कार को कब्जे में लिया। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की गश्ती में लापरवाही पर सवाल उठाए। डीसीपी धवल जायसवाल और एसीपी उपासना पांडेय ने प्रभावित परिवारों से संपर्क किया और उन्हें प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मॉर्निंग वॉक और सड़कों पर गश्ती बढ़ाई जाएगी।