-12 वार्डों की 16.20 किमी सड़कें होंगी अत्याधुनिक
-कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने किया शिलान्यास
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट योजना के अंतर्गत गाजियाबाद नगर निगम द्वारा शहर के वसुंधरा जोन में विकास का एक नया अध्याय शुरू हो गया है। सीएम ग्रिड फेस-2 के अंतर्गत 307 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से इंदिरापुरम, वैशाली और कौशांबी क्षेत्र की 6 प्रमुख सड़कों को अत्याधुनिक स्वरूप देने के लिए वृहद परियोजना का भव्य शुभारंभ किया गया। यह परियोजना न केवल यातायात व्यवस्था को सुगम बनाएगी, बल्कि क्षेत्र की सुंदरता, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को भी नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। मंगलवार को इंदिरापुरम स्थित काला पत्थर रोड पर आयोजित भव्य शिलान्यास कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने महापौर सुनीता दयाल की अध्यक्षता में नारियल फोड़कर और फीता काटकर विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, कार्यकारिणी उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
सीएम ग्रिड फेस-2 योजना के अंतर्गत इंदिरापुरम के 7 वार्ड, वैशाली के 3 वार्ड और कौशांबी के 2 वार्डों को जोडऩे वाली कुल 6 प्रमुख सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा। लगभग 16.20 किलोमीटर लंबाई की इन सड़कों को पूरी तरह पुनर्निर्मित कर उन्हें विश्वस्तरीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इस परियोजना से वसुंधरा जोन के लाखों नागरिकों को आवागमन में सुविधा, सुरक्षा और बेहतर यातायात व्यवस्था का सीधा लाभ मिलेगा। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप सीएम ग्रिड फेस-2 के तहत इंदिरापुरम क्षेत्र के कावेरी मार्ग एवं काला पत्थर रोड को पूरी तरह आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। बालाजी मंदिर से एनएच-9 तथा काला पत्थर रोड तक 4.31 किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण 102 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। इसके साथ ही सुशीला नैयर मार्ग को 27 करोड़ 78 लाख रुपये की लागत से 1.80 किलोमीटर लंबाई में विकसित किया जाएगा। कस्तूरबा गांधी रोड से शहीद कैप्टन मनोज पांडे मार्ग तक 1.83 किलोमीटर सड़क का निर्माण 30 करोड़ 58 लाख रुपये तथा देवेंद्र सिंह जस मार्ग से काला पत्थर रोड तक 1.13 किलोमीटर सड़क का सुधार 16 करोड़ 89 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। इन कार्यों से इंदिरापुरम क्षेत्र में यातायात की दशा और दिशा दोनों बदल जाएंगी।
सीएम ग्रिड फेस-2 योजना के अंतर्गत वैशाली क्षेत्र के तीन वार्डों को भी इस विकास यात्रा में शामिल किया गया है। हर्षवर्धन मार्ग, धर्म मार्ग तथा वैशाली सेक्टर-4 और सेक्टर-5 के प्रमुख मार्गों को लगभग 4.55 किलोमीटर लंबाई में 70 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा। वहीं कौशांबी क्षेत्र के दो वार्डों में डाबर चौक से चौधरी चरण सिंह मार्ग होते हुए कौशांबी बस स्टैंड और ईडीएम मॉल के पीछे स्थित मार्गों का 2.58 किलोमीटर लंबाई में 59 करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से कायाकल्प किया जाएगा। महापौर सुनीता दयाल ने नगर आयुक्त के नेतृत्व में नगर निगम द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की खुले मंच से सराहना की। उन्होंने कहा कि सीएम ग्रिड योजना के माध्यम से इंदिरापुरम, वैशाली और कौशांबी को एक नई पहचान मिल रही है। महापौर ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए माननीय मुख्यमंत्री और नगर विकास मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गाजियाबाद नगर निगम प्रदेश में विकास की रफ्तार में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं और क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्य अभियंता नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि सीएम ग्रिड फेस-2 के अंतर्गत चयनित सभी मार्गों का स्वरूप पूरी तरह बदला जाएगा। सड़कों पर मौजूद ओवरहेड बिजली लाइन, फाइबर लाइन, गैस पाइपलाइन और जल आपूर्ति लाइन को अंडरग्राउंड किया जाएगा। बरसात के दौरान जलभराव से निजात दिलाने के लिए आधुनिक अंडरग्राउंड ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा। इंडिया रोड कांग्रेस के मानकों के अनुसार 2.8 मीटर चौड़े फुटपाथ बनाए जाएंगे, जिन पर हरियाली, सौंदर्यकरण, स्कल्पचर, बैठने की व्यवस्था और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सड़कों और डिवाइडरों पर आकर्षक डेकोरेटिव लाइट पोल लगाए जाएंगे, जिससे रात्रि में भी सड़कों की सुंदरता और सुरक्षा सुनिश्चित होगी। शिलान्यास कार्यक्रम काला पत्थर रोड स्थित अग्रसेन चौक पर आयोजित हुआ, जिसमें पार्षद विनय चौधरी, कुसुम मनोज गोयल, हिमांशु चौधरी, अनुज त्यागी, प्रीति जैन, अनिल तोमर, धीरज अग्रवाल, हरीश, नीलम भारद्वाज, गौरव सोलंकी, राज कुमार, पूर्व पार्षद मनोज गोयल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। सीएम ग्रिड फेस-2 के अंतर्गत शुरू हुई यह परियोजना गाजियाबाद के वसुंधरा जोन को आधुनिक, सुरक्षित और सुंदर शहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है।


















