शहरी सुरक्षा में नई क्रांति: शालीमार गार्डन थाना हाई-टेक और जन-मित्र पुलिसिंग का प्रतीक: जे. रविन्द्र गौड़

-आधुनिक प्रतीक्षालय और सुव्यवस्थित कार्यालय से नागरिकों को सम्मानजनक अनुभव
-महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए विशेष मिशन शक्ति केंद्र का उद्घाटन
-साइबर अपराधों के त्वरित निस्तारण के लिए डिजिटल हेल्प डेस्क की सुविधा
-डिजिटल सिस्टम और स्पष्ट सूचना बोर्ड से पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित
-सभी थानों और चौकियों के आधुनिककरण के जरिए प्रभावी और तेज़ पुलिसिंग
-जनहितकारी सेवाओं और तकनीक आधारित सुरक्षा में निरंतर प्रतिबद्धता

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद के थानों को आधुनिक सुविधाओं और हाई-टेक सिस्टम से लैस करने के लिए पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़ की जनहितकारी पहल रंग लाती दिखाई दे रही है। इसी क्रम में शालीमार गार्डन थाना को पूरी तरह से पुर्नविकसित किया गया और बुधवार को पुलिस कमिश्नर ने इसे औपचारिक रूप से उद्घाटित किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर मुख्यालय एवं अपराध केशव कुमार चौधरी, डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील और डीसीपी सिटी धवल जायसवाल भी उपस्थित रहे।
पुलिस कमिश्नर ने उद्घाटन के दौरान कहा कि बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाने और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के लिए निरंतर कदम उठाए जा रहे हैं। शालीमार गार्डन थाना अब आधुनिक सुविधाओं, हाई-टेक सिस्टम और नागरिक-उन्मुख सेवाओं के साथ तैयार है। उन्होंने बताया कि नवनिर्मित थाने में आधुनिक प्रतीक्षालय और वेटिंग रूम बनाया गया है, जिसमें नागरिकों को सम्मानजनक, स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। थाने में महिलाओं की सुरक्षा, सहायता और सशक्तिकरण के लिए मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किया गया है, जहां त्वरित सहयोग और काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों के प्रभावी और तेज निस्तारण के लिए विशेष साइबर हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि थाने का नवीनीकरण आधुनिक डिज़ाइन, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सुव्यवस्थित कार्यस्थल के साथ किया गया है। उन्नत डिजिटल सिस्टम, सुव्यवस्थित शिकायत निवारण प्रक्रिया और सार्वजनिक सूचना प्रदर्शन से पारदर्शिता और जवाबदेही मजबूत होगी। नागरिकों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न सेवाओं के लिए समर्पित काउंटर भी बनाए गए हैं। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि शालीमार गार्डन थाना का पुनर्निर्माण पुलिस की व्यापक योजना का हिस्सा है। वर्ष के अंत तक सभी थानों का आधुनिकीकरण किया जाएगा और आगामी वर्ष में पुलिस चौकियों को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह उद्घाटन पुलिस की जन-मित्र पुलिसिंग, प्रौद्योगिकी आधारित सेवाओं और हर नागरिक के लिए सुरक्षित एवं भरोसेमंद वातावरण प्रदान करने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। शालीमार गार्डन थाने के नवीनीकरण के बाद पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता और मनोबल में वृद्धि होगी। नागरिकों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय, आपातकालीन प्रतिक्रिया में तेजी और दैनिक पुलिसिंग में सुधार की उम्मीद है। पुलिस कमिश्नर ने जनता से भी आग्रह किया कि वे नई सुविधाओं और सेवाओं का लाभ उठाएँ और पुलिस के साथ सहयोग बनाए रखें। इस आधुनिक और हाई-टेक थाने के उद्घाटन से गाजियाबाद में पुलिसिंग के नए युग की शुरुआत हुई है, जो सुरक्षा, पारदर्शिता और नागरिक सुविधा को प्राथमिकता देता है।