-अवैध शराब निर्माताओं पर कड़ी कार्रवाई, 90 लीटर कच्ची शराब और 2 टन लहन नष्ट
-जिला आबकारी अधिकारी विजय कुमार शुक्ला की रणनीति ने माफियाओं के होश उड़ाए
-रेवती थाना क्षेत्र में घाघरा नदी तटीय इलाकों में दबिश, अवैध कारोबार पर बड़ा झटका
उदय भूमि संवाददाता
बलिया। शादी सीजन के बीच जनपद बलिया में आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ अपने अभियान को और तीव्र कर दिया है। देहात क्षेत्र में चोरी छिपे शराब का निर्माण कर आमजन की सेहत से खिलवाड़ करने वाले और विभाग के राजस्व को नुकसान पहुँचाने वाले लोगों पर अब विभाग का शिकंजा कसता नजर आ रहा है। जिला आबकारी अधिकारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत बुधवार को आबकारी निरीक्षक विनय राय (क्षेत्र-1 सदर) और आबकारी निरीक्षक संदीप यादव (क्षेत्र-3 बांसडीह) की संयुक्त टीम ने रेवती थाना क्षेत्र के भोज छपरा स्थित घाघरा नदी के तटीय इलाकों में छापेमारी की। जिले में अवैध शराब की गतिविधियों पर लगातार नज़र रख रहे अधिकारीयों ने बताया कि नदी किनारे और झाडिय़ों के बीच छिपाए गए अवैध शराब के ड्रम और लहन को निकाल कर नष्ट किया गया। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने 90 लीटर अवैध कच्ची शराब और लगभग 2,000 किलोग्राम लहन को मौके पर नष्ट कर दिया। जिला आबकारी अधिकारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया हमारी रणनीति साफ है। जिले में अवैध शराब के कारोबार को जड़ से समाप्त करना हमारी प्राथमिकता है। हमारी टीमों को लगातार ऐसे क्षेत्रों की जानकारी मिल रही है, जहाँ शराब माफिया छिपकर अवैध शराब का उत्पादन कर रहे हैं। हम उन्हें संभलने का मौका नहीं दे रहे।
उन्होंने कहा शादी के सीजन में शराब की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में माफियाओं के मन में यह भावना होती है कि वे आसानी से कारोबार कर सकते हैं। लेकिन हमारी टीम ने इसे चुनौती के रूप में लिया है। हमारी कार्रवाई से माफियाओं में डर और हड़बड़ी का माहौल है। अब कोई भी अवैध शराब का निर्माण नहीं कर सकता। आबकारी विभाग की कार्रवाई सिर्फ शराब को नष्ट करने तक सीमित नहीं है। अधिकारीयों ने बताया कि ऐसे मामलों में संबंधित अभियुक्तों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। विजय कुमार शुक्ला ने स्पष्ट किया, जो लोग कानून का उल्लंघन करेंगे, उनके खिलाफ स्नढ्ढक्र दर्ज कर उन्हें कड़ी सजा दिलाई जाएगी। हमारा मकसद न केवल शराब का धड़ल्ले से उत्पादन रोकना है, बल्कि आमजन को सुरक्षित और स्वास्थ्यपूर्ण वातावरण देना भी है।
सदर और बांसडीह क्षेत्रों में आबकारी निरीक्षकों की टीम ने माफियाओं के ठिकानों और छिपे हुए गुदामों की सूची तैयार कर रखी है। टीम ने बताया कि यह कार्रवाई केवल शुरुआती चरण है। आगामी दिनों में ऐसे सभी गुप्त ठिकानों पर छापेमारी की जाएगी, जहां अवैध शराब का उत्पादन और वितरण हो रहा है। जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि हमारे अभियान का असर दिखाई देने लगा है। माफियाओं के नेटवर्क पर दबाव बढ़ गया है। अब कोई भी शराब माफिया बिना डर के कारोबार नहीं कर सकता। हमें उम्मीद है कि इस अभियान से जिले में शराब माफियाओं की जड़ कमजोर होगी और आमजन को राहत मिलेगी। विजय कुमार शुक्ला ने जनता से भी अपील की कि वे अवैध शराब से जुड़े मामलों की जानकारी विभाग को दें। उन्होंने कहा, हम चाहते हैं कि लोग सक्रिय हों और हमारे साथ सहयोग करें। यदि किसी को अवैध शराब का निर्माण या बिक्री करते देखा जाए तो तुरंत विभाग को सूचित करें। आमजन की भागीदारी से ही हम इस कारोबार को पूरी तरह समाप्त कर सकते हैं।
इस कार्रवाई के दौरान आबकारी निरीक्षकों ने कहा कि नदी किनारे और झाडिय़ों में छिपी शराब की बरामदगी चुनौतीपूर्ण थी। टीम ने जमीनी स्तर पर गहन तलाशी ली और हर संभावित छुपने की जगह का निरीक्षण किया। निरीक्षकों ने बताया कि शराब माफियाओं ने सुरक्षा के नाम पर जाल बिछाया था, लेकिन विभाग की टीम सतर्क और प्रशिक्षित थी, इसलिए कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। जिले में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत आबकारी विभाग ने पिछले छह महीनों में अब तक सैकड़ों लीटर अवैध शराब नष्ट की है और कई लोगों को गिरफ्तार भी किया है। विजय कुमार शुक्ला ने कहा कि हमारा अभियान केवल सजा देने तक सीमित नहीं है। हमारा उद्देश्य शराब माफियाओं को चेतावनी देना और जिले में शराब मुक्त वातावरण तैयार करना है। शादी समारोहों और अन्य आयोजनों में लोग सुरक्षित तरीके से शराब का सेवन कर सकें, इसलिए यह अभियान जारी रहेगा।
इस अभियान के बारे में स्थानीय लोगों ने भी प्रशंसा की। भोज छपरा निवासी रमेश यादव ने कहा अवैध शराब से हमारे गाँव में कई समस्याएं थीं। अब आबकारी विभाग की कार्रवाई से हमें काफी राहत मिली है। विभाग को इस तरह सक्रिय देखकर हम खुश हैं। उम्मीद है कि आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। जिला आबकारी अधिकारी विजय कुमार शुक्ला ने अंत में कहा, ‘हमारा संदेश साफ है – अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोग संभल जाएं। विभाग अपनी कार्रवाई से किसी को भी छूट नहीं देगा। यह कार्रवाई जिले में शराब माफियाओं के लिए चेतावनी के रूप में भी है। हम अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभा रहे हैं। आमजन की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।


















