-किसानों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पहुंचे, यही हमारी प्राथमिकता: सीडीओ
-किसान समृद्धि केंद्र और निशुल्क बीज योजना को प्रभावी बनाने के लिए निदेशकों को दिए मार्गदर्शन
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव गोपाल की नेतृत्व क्षमता और सक्रिय दृष्टिकोण ने कृषक उत्पादक संगठन (एफपीओ) की समीक्षा बैठक को परिणामोन्मुख बनाया। दुर्गावती देवी सभागार, विकास भवन में बुधवार को आयोजित इस बैठक में एफपीओ के निर्देशक और सदस्य शामिल हुए, जहां उन्होंने पिछले बैठक के कार्यवृत पर बिंदुवार चर्चा की। अभिनव गोपाल ने बैठक में स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि विकास भवन में स्थापित किसान समृद्धि केंद्र के संचालन और विक्रय किए जाने वाले कृषि उत्पादों की सूची तथा पम्पलेट तैयार कर उन्हें विकास भवन, कलेक्ट्रेट और न्यायालय परिसर में वितरण किया जाए।
इसका उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों और आम जनता को केंद्र की जानकारी उपलब्ध कराना और एफपीओ को वित्तीय रूप से सुदृढ़ बनाना है। इसके साथ ही उन्होंने गन्ना उर्द और मूंग की अंत: फसली बीज वितरण को भी प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एफपीओ के निदेशकों को प्रत्येक 100 हेक्टेयर क्षेत्रफल के लिए किसानों का आवेदन सुनिश्चित करना होगा, और प्रत्येक किसान को अधिकतम 1 हेक्टेयर के लिए ही निशुल्क बीज उपलब्ध कराया जाएगा। यह प्रक्रिया कृषि विभाग के पोर्टल दर्शन-2 (upagriculture.com) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन और लॉटरी प्रणाली के तहत पूरी की जाएगी। बैठक में अभिनव गोपाल की सक्रियता और स्पष्ट निर्देशों ने एफपीओ निदेशकों को योजना को सुचारू रूप से लागू करने और किसानों तक लाभ पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। उनकी नेतृत्व क्षमता ने यह सुनिश्चित किया कि किसान समृद्धि केंद्र और निशुल्क बीज वितरण जैसी योजनाएं समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से संचालित हों।
















