-एडिशनल सीपी केशव कुमार चौधरी ने थाना विजयनगर का किया वार्षिक निरीक्षण, कानून व्यवस्था को और किया प्रभावी
-महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता और अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता, पुलिसकर्मियों को दिए कड़े निर्देश और प्रेरणा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं अपराध, केशव कुमार चौधरी ने गुरुवार को एसीपी कोतवाली रितेश त्रिपाठी के साथ थाना विजयनगर का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की संपूर्ण व्यवस्थाओं, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग की कार्यप्रणाली का गहन जायजा लिया। एडिशनल सीपी के नेतृत्व में हुई इस समीक्षा में थाना अधिकारी, बीट उपनिरीक्षक और अन्य कर्मियों को निर्देश दिए गए कि वर्ष 2026 में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। निरीक्षण के दौरान एडिशनल सीपी ने थाना परिसर का भ्रमण करते हुए साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और चल रहे नवनिर्माण कार्यों का जायजा लिया। मिशन शक्ति केंद्र के अभिलेखों की भी समीक्षा की गई और महिला सुरक्षा से जुड़ी कार्यवाहियों का गहन अवलोकन किया गया। एसीपी ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और उनके खिलाफ होने वाले किसी भी अपराध पर शीघ्र और कड़े कार्यवाही की जाएगी। एडिशनल सीपी केशव कुमार चौधरी ने साइबर हेल्पडेस्क का निरीक्षण किया और पिछले वर्ष हुई साइबर फ्रॉड की घटनाओं के समाधान की समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि साइबर जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएं और उनके आयोजन की तिथियां पूर्व में निर्धारित कर संबंधित सभी अधिकारियों और जनता को सूचित किया जाए। थाने में कार्यालयी प्रक्रियाओं, अभिलेखों और मालखाने में रखे मालों की व्यवस्थित व्यवस्था पर भी एडिशनल सीपी ने ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि सभी दस्तावेज सही ढंग से संचित हों और मालखाने में रखे सामान का समय-समय पर निस्तारण किया जाए। इसके अलावा, थाने पर दाखिल वाहनों का सुव्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एडिशनल सीपी ने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को इनके शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने रात्रि गश्त और बीट प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया ताकि अपराधियों को कोई मौका न मिल सके।
केशव कुमार चौधरी ने पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संवेदनशीलता और शालीन व्यवहार आमजन के साथ पुलिस का विश्वास और भरोसा बनाए रखता है। थाना विजयनगर में एसीपी के इस निरीक्षण और दिशा-निर्देशों से पुलिसिंग में सुधार और जनता के प्रति उत्तरदायित्व बढ़ाने की उम्मीद जताई जा रही है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने इस मौके पर स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

















