प्रशासनिक जज राजेश सिंह ने किया कोर्ट का निरीक्षण अधिवक्ताओं की सुनी समस्या

गाजियाबाद। इलाहाबाद हाईकोर्ट जज एवं गाजियाबाद के प्रशासनिक जज राजेश सिंह चौहान ने शनिवार को कचहरी का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण करने से पहले पुरुष एवं महिला अधिवक्ताओं की समस्याओं को सुनने के बाद इनका निस्तारण करने का आश्वासन दिया। प्रशासनिक जज राजेश सिंह चौहान को पुलिसकर्मियों ने गार्ड ऑफ ऑनर किया। जिला जज अनिल कुमार ने एवं अधिवक्ताओं ने उन्हें पुष्प भेंट कर उनका स्वागत किया। प्रशासनिक जज राजेश सिंह चौहान ने कचहरी में पहुंचने के बाद जज एवं अधिवक्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से परिचय प्राप्त किया। कोर्ट सभागार में अधिवक्ताओं के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना।

पुरुष व महिला अधिवक्ताओं ने अपनी-अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि अधिवक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान कोर्ट परिसर में पुरुष व महिला शौचालय की समुचित व्यवस्था करने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के साथ शुद्ध पेयजल की व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान जिला जज अनिल कुमार दंशम,जज एवं बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश त्यागी कैली, सचिव समेत एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।