बोले, पश्चिम बंगाल में संविधान की मर्यादा तार-तार
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जय प्रकाश नड्डा के काफिले पर पथराव के बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो एवं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मुश्किलों में आ गई हैं। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि ममता बनर्जी को इस घटना के लिए माफी मांगनी चाहिए। भाजपा आजकल मिशन बंगाल में जुटी है। इसके मद्देनजर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पश्चिम बंगाल का 2 दिवसीय दौरा किया था। इस बीच नड्डा के काफिले पर पथराव की घटना सामने आई थी। इसके लिए भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया था। भाजपा ने टीएमसी के प्रति कड़ी नाराजगी जाहिर की है। इसी क्रम में अब राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने पश्चिम बंगाल की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि लोकतंत्र का पालन हर किसी को करना होगा। राज्यपाल धनखड़ ने कहा कि सूबे में संविधान की मर्यादा तार-तार हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि ममता को माफी मांगनी चाहिए। संविधान का पालन उन्हें भी करना होगा। राज्यपाल ने कहा कि बंगाल सरकार ने जेपी नड्डा को पूरी सुरक्षा नहीं दी। उन्होंने कहा कि मैंने संविधान की रक्षा की शपथ ली है, इसलिए बंगाल के नागरिकों को आश्वस्त करना चाहूंगा कि मैं हर सूरत में संविधान की रक्षा करूंगा। राज्यपाल धनखड़ ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। कई बार पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र लिखे। इसके बावजूद कोई असर नहीं है। अफसरों को सरकार के इशारे पर नहीं जनता के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी पब्लिक सर्वेंट हैं, इसलिए अपने फर्ज को ईमानदारी से निभाएं। राज्यपाल ने बताया कि पश्चिम बंगाल की कानून व्यवस्था पर केंद्र को रिपोर्ट भेज दी गई है।















