ड्रग्स कनेक्शन : अर्जुन की गर्लफ्रेंड से पूछताछ

एनसीबी कार्यालय पहुंची गैब्रिएला देमित्रियाद

मुंबई। बॉलीवुड में ड्रग्स कनेक्शन की छानबीन जारी है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की सक्रियता ने कुछ सितारों की बेचैनी बढ़ा रखी है। जांच के क्रम में एनसीबी ने अब अभिनेता अर्जुन रामपाल की गर्लफ्रेंड गैब्रिएला देमित्रियाद को पूछताछ के लिए बुलाया है। गैब्रिएला बुधवार को एनसीबी कार्यालय पहुंच गईं। मुंबई में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत केस में ड्रग्स एंगल सामने आने के बाद से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) निरंतर सक्रिय है। कई ड्रग्स पेडलर्स के खिलाफ अब तक कार्रवाई की जा चुकी है। एनसीबी ने कुछ दिन पहले एक्टर अर्जुन रामपाल के आवास पर छापेमारी की थी। इस प्रकरण में आज अर्जुन की लिव-इन पार्टनर गैब्रिएला देमित्रियाद से पूछताछ की जा रही है। गैब्रिएला एनसीबी कार्यालय पहुंच गई हैं। गैब्रिएला के अलावा अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की पूर्व मैनेजर करिश्मा प्रकाश से भी एनसीबी पूछताछ करेगी। इसके अतिरिक्त अर्जुन रामपाल को 12 नवंबर को एनसीबी के सामने पूछताछ के लिए पेश होना है। एनसीबी के सूत्रों ने बताया कि अर्जुन रामपाल के आवास से प्रतिबंधित दवाएं बरामद हुई हैं। यह दवाएं एनडीपीएस एक्ट में आती हैं। इसके चलते अर्जुन की गर्लफ्रेंड गैब्रिएला से भी पूछताछ होनी है। बॉलीवुड में प्रकाश में आए ड्रग्स कनेक्शन में बॉलीवुड की कुछ नामचीन हस्तियों पर एनसीबी की नजर है। अभिनेता अर्जुन रामपाल की गर्लफ्रेंड गैब्रिएला देमित्रियाद के भाई एजिसियालोस को ड्रग्स प्रकरण में एनसीबी ने हिरासत में लिया था। गैब्रिएला के भाई के घर से भी एनसीबी को कुछ प्रतिबंधित दवाएं मिली थीं। ड्रग्स कनेक्शन में एनसीबी ने फिल्म प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला के बंगले पर भी छापा मारा था। बाद में फिरोज की पत्नी शबना सईद को गिरफ्तार किया गया था। शबाना को कोर्ट से जमानत मिल चुकी है। अब फिरोज नाडियाडवाला को एनसीबी के सवालों का सामना करना है। बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती और उनका भाई शोविक चक्रवर्ती भी ड्रग्स गैंग के चक्कर में मुश्किल में है।