बदन सिंह बद्दो पर पुलिस ने कसा शिकंजा
लखनऊ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात बदमाश बदन सिंह उर्फ बद्दो पर शिकंजा कस गया है। अदालत के आदेश पर पुलिस ने मेरठ में शनिवार को ढाई लाख रुपए के इनामी बदन सिंह के घर की कुर्की की। ऐसे में सभी अचल संपत्ति को कुर्क कर लिया गया। बद्दो पर 40 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। जरायम जगत में वह अच्छी पकड़ रखता है। अदालत ने कुख्यात बदन सिंह के खिलाफ धारा 82-83 के तहत कार्रवाई करने का आदेश दिया है। इसके तहत सरकारी तंत्र ने कार्रवाई की है।कुर्की के दौरान ढोल बजाकर आस-पास के नागरिकों को बदन सिंह बद्दो के घर की कुर्की किए जाने की जानकारी दी गई। ऐसे में एहतिात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया ताकि किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना ना हो सके। कुख्यात बदन सिंह विगत 28 मार्च 2019 को पेशी के दरम्यान मेरठ के मुकुट महल से पुलिस हिरासत से फरार हो गया था। इसके बाद से वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है। वह समय-समय पर सोशल मीडिया पर जरूरत एक्टिव रहता है। आरोप है कि वह विरोधियों को फोन पर धमकी भी देता है, मगर पुलिस आज तक बदन सिंह तक पहुंच नहीं पाई है। पुलिस के मुताबिक ढाई लाख के इनामी बदमाश बदन सिंह पर 40 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। गैंगस्टर एक्ट व हत्या जैसी गंभीर धाराओं में भी उस पर मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदन सिंह ने कुछ अवैध कब्जे भी कर रखे हैं। जिन पर ध्वस्तीकरण की भी कार्रवाई संभव है। बदन सिंह के 2 मकानों में शनिवार को कुर्की की कार्रवाई की गई है। यह दोनों मकान बदन सिंह के नाम दर्ज हैं। बता दें कि उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ समय से भू-माफिया और कुख्यात अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रूख अपना रखा है।
















