मुंबई में 2 अधिकारी घायल, 4 आरोपी गिरफ्तार
मुंबई। मुंबई के गोरेगांव क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। वहां नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम ने ड्रग्स पैडलर्स के ग्रुप ने अचानक हमला बोल दिया। हमले में एनसीबी के 2 अधिकारी घायल हो गए। बाद में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत केस में ड्रग एंगल सामने आने के बाद से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम मुंबई में सक्रिय है। ड्रग माफिया और बॉलीवुड सितारों के कनेक्शन की जांच में एनसीबी को महत्वपूर्ण साक्ष्य हाथ लग चुके हैं। एनसीटी की टीम निरंतर जांच एवं कार्रवाई कर रही है। जांच के सिलसिले में एनसीबी के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े के नेतृत्व में 5 सदस्यीय टीम मुंबई के गोरेगांव क्षेत्र में पहुंची थी। इस बीच करीब 60 नागरिकों की भीड़ ने एनसीबी की टीम पर एकाएक हमला कर दिया। हमले में एनसीबी अधिकारी विश्वाविजय सिंह और शिवा रेड्डी घायल हो गए। आरोप है कि ड्रग पैडलर्स ने यह हमला किया था। दरअसल एनसीबी टीम ड्रग पैडलर कैरी मैंडिस को पकडऩे गई थी। हमले के बाद कैरी मैंडिस को उसके 3 साथियों के साथ पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इन चारों के खिलाफ आईपीसी की धारा-353 के तहत गोरेगांव पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। उधर, सूत्रों का कहना है कि एनसीबी की टीम ने पिछले एक माह में 4-5 बड़े ड्रग पैडलर्स पर शिकंजा कसा है। ये ड्रग पैडलर्स अंधेरी और बांद्रा के बीच पकड़े गए हैं। इन ड्रग पैडलर्स से पूछताछ के बाद अभिनेता अर्जुन रामपाल से भी पूछताछ की गई थी। अर्जुन रामपाल के अलावा रिया चक्रवर्ती, सारा अली खान, दीपिका पादुकोण आदि भी एनसीबी की पूछताछ का सामना कर चुके हैं। फिल्म प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला और उनकी पत्नी भी एनसीबी के समक्ष पेश होकर बयान दे चुके हैं।
















