-महामाया स्टेडियम में आयोजित टूर्नामेंट में विभिन्न संकायों की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले
-बीसीए टीम ने लगातार दो मैच जीतकर फाइनल में दर्ज की शानदार जीत
-प्रशांत बने ‘मैन ऑफ द सीरीज ‘, दिव्यांशु को मिला ‘मैन ऑफ द मैच’ का खिताब
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मॉडर्न कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज, मोहन नगर की स्पोर्ट्स समिति के तत्वावधान में शनिवार को ‘मॉडर्न कॉलेज क्रिकेट प्रीमियर लीग-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता गाजियाबाद स्थित महामाया स्टेडियम के क्रिकेट मैदान में आयोजित हुई, जिसमें महाविद्यालय के विभिन्न संकायों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाडिय़ों में खेल भावना, जोश और प्रतिस्पर्धा का अद्भुत माहौल देखने को मिला। इस क्रिकेट प्रीमियर लीग में महाविद्यालय के शिक्षा संकाय, मैनेजमेंट एवं प्रबंधन संकाय, कंप्यूटर एप्लीकेशन संकाय तथा मॉडर्न कॉलेज ऑफ लॉ की टीमों ने भाग लिया। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला एमसीपीएस की बीसीए टीम और मॉडर्न कॉलेज ऑफ लॉ की टीम के बीच खेला गया। मैच शुरू होने से पहले टॉस हुआ, जिसमें बीसीए टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले राउंड में मॉडर्न कॉलेज ऑफ लॉ की टीम ने बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 100 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीसीए टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 8.3 ओवर में ही 100 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ बीसीए टीम ने अगले चरण में प्रवेश कर लिया और दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। इसके बाद दूसरा मुकाबला बीसीए टीम और शिक्षा संकाय की टीम ‘एजुकेशन वॉरियर्स’ के बीच खेला गया। इस मैच में एजुकेशन वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 58 रन का लक्ष्य निर्धारित किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए बीसीए टीम के बल्लेबाजों ने संयमित और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने 8.2 ओवर में 59 रन बनाकर मैच जीत लिया और टूर्नामेंट में अपनी श्रेष्ठता साबित कर दी। पूरे टूर्नामेंट के दौरान बीसीए टीम के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन किया। उनके उत्कृष्ट खेल के लिए बीसीए के खिलाड़ी प्रशांत को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ के खिताब से सम्मानित किया गया, जबकि दिव्यांशु को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैचÓ का पुरस्कार दिया गया।
खिलाडिय़ों को सम्मानित किए जाने के दौरान मैदान में उत्साह का माहौल देखने को मिला और उपस्थित विद्यार्थियों ने तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या प्रोफेसर डॉ. निशा सिंह ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएँ छात्रों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं और उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियाँ छात्रों को अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व जैसे महत्वपूर्ण गुणों से परिचित कराती हैं। साथ ही इस प्रकार के आयोजन युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
डॉ. निशा सिंह ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेल और अन्य पाठ्येतर गतिविधियाँ भी आवश्यक हैं। कार्यक्रम के दौरान छात्रों और शिक्षकों ने भी खिलाडिय़ों के प्रदर्शन की सराहना की और पूरे टूर्नामेंट का आनंद लिया। खेल मैदान में छात्रों के उत्साह और जोश ने इस आयोजन को और भी यादगार बना दिया। मॉडर्न कॉलेज क्रिकेट प्रीमियर लीग-2026 का यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाला रहा, बल्कि छात्रों के बीच टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को भी मजबूत करने में सफल साबित हुआ। कॉलेज प्रशासन ने भविष्य में भी इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन जारी रखने की बात कही, ताकि छात्रों को अपनी खेल प्रतिभा को निखारने के अधिक अवसर मिल सकें।

















