-गौ आश्रय स्थल का औचक निरीक्षण करने के डीएम ने दिए निर्देश
गाजियाबाद। जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने 15 अगस्त से पहले जिले के सभी खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को एक-एक चारागाह बनाने के निर्देश दिए है। सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने निराश्रित गोवंश संरक्षण, चारा उत्पादन, वृहद गो संरक्षण केंद्रों की स्थापना,अस्थाई गौ आश्रय स्थलों के विस्तारीकरण के संबंध में बैठक की। जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान निर्देशित किया कि सभी खंड विकास अधिकारी कम से कम 20-20 गोवंश को अपने-अपने क्षेत्र में गो आश्रय स्थलों पर 15 अगस्त से पूर्व संरक्षित करना सुनिश्चित करें। एसडीएम और खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत वृहद गो संरक्षण केंद्र के निर्माण के लिए कम से कम एक हेक्टेयर भूमि का प्रस्ताव पुर्नग्रहण कर प्रेषित किया जाए। जिससे संरक्षण केंद्रों का निर्माण किया जा सकें। जनपद में गोचर भूमि पर लक्ष्य के सापेक्ष 6.38 हेक्टेयर भूमि पर नेपियर ग्रास उगाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री सहभगिता योजना अंतर्गत 15-15 गोवंश इच्छुक व्यक्तियों को सहभागिता योजना के तहत सुपुर्दगी कराने के निर्देश दिए, ताकि गो आश्रय स्थलों पर और अधिक निराश्रित गोवंश संरक्षित कराए जाए। जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारी,अधिशासी अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि गो आश्रय स्थलों में बरसात के समय में शेड़ की मरम्मत, अतिरिक्त शेड का निर्माण, तिरपाल की व्यवस्था,साफ-सफाई,संपर्क मार्ग को ठीक करने एवं गड्ढों को भरा जाए। जिससे किसी गोवंश को बरसात में परेशानी न हो। इसके साथ ही गो आश्रय स्थलों पर भूसा,चारा,दाना आदि को खरीदने के लिए टेंडर प्रक्रिया से ही कराए। जिलाधिकारी ने कहा कि 15 अगस्त से पूर्व सभी बीडीओ एक-एक चारागाह बनाएंगे और उसकी फोटो खींचकर उन्हें भेजेंगे।
इसके साथ ही गोवंशों सहित गौ आश्रय स्थल के डॉक्टर, स्टाफ, चैकर, सुपरवाइजर सहित अन्य की पूरी जानकारी का रजिस्टर बनाया जाए, ताकि पता रहे कि किसने, कब और क्या कार्य किया। रजिस्टर क्रमवार,नियमानुसार,सुदृढ़ तरीके से मेंटेन होना चाहिए। इसके साथ ही उच्चाधिकारी व मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी समय-समय पर गौ आश्रय स्थल का औचक निरीक्षण करना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में एसडीएम मोदीनगर डॉ.पूजा गुप्ता, एसडीएम लोनी निखिल चक्रवर्ती, जिला पंचायत राज अधिकारी प्रदीप कुमार द्विवेदी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसपी पांडेय, निगम के उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज सिंह, डीबीडब्लूओ पीयूष चन्द्र राय,जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, नगर निगम के उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. आशीष त्रिपाठी आदि अधिकारी उपस्थित रहे।

















