-शराब माफिया की कुंडली खंगालने के साथ, राजमार्ग पर बढ़ाया सख्त पहरा
-आबकारी विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट एवं राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ढाबों पर की चेकिंग
उदय भूमि
लखनऊ। जिले में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह खत्म करने के लिए आबकारी विभाग की टीम दिन-रात सड़कों पर उतर कर चेकिंग कर रही है। साथ ही शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश एवं छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है। चुनाव हो या फिर कोई त्योहार इन सबके बीच में अवैध शराब का कारोबार करने वाले तस्करों पर कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग की टीमें बिना थके और बिना रुके अपनी कार्रवाई को अंजाम देती नजर आ रही है। जिसका परिणाम यह है कि आबकारी विभाग की कार्रवाई से खौफ खाकर बडे माफिया जनपद की सीमा में कदम रखने से डर रहे है। अगर पिछले कुछ माह में आबकारी विभाग की कार्रवाई को देखा जाए तो बाहरी राज्यों से शराब तस्करी करने वाले कई नेटवर्क को ध्वस्त कर चुकी है। शराब माफिया की कुंडली खंगालने के अलावा संभावित ठिकानों की पुख्ता जानकारी एकत्र की जा रही है। इसके बाद शराब माफिया के खिलाफ तैयार की गई रणनीति के तहत छापेमारी की कार्रवाई हो रही है।
शराब माफिया हमेशा आबकारी विभाग के लिए किसी चुनौती से कम नहीं रहे हैं। शराब माफिया की जड़ें काफी गहरी हैं, मगर आबकारी अधिकारी की ठोस रणनीति उनकी जड़ों को खोदने का काम कर रही है। जिसका परिणाम यह है कि जनपद में शराब तस्करों का नेटवर्क टूटता नजर आ रहा है। आबकारी विभाग निरंतर कड़ी कार्रवाई कर शराब तस्करों को सबक सिखाने में लगा है। वहीं शराब तस्कर भी सख्ती होने पर वह अपनी रणनीति और ठिकानों में बदलाव कर लेते हैं। इसके चलते आबकारी विभाग को सधी रणनीति अपना कर कार्रवाई करनी पड़ती है। लखनऊ में पिछले कुछ समय से शराब माफिया और उनके गुर्गों की नींद उड़ी पड़ी है। इसका कारण साफ है कि विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन की चेन तोडऩे के लिए प्रभावी कार्य योजना अपना रखी है। इसके तहत शराब माफिया और उनके गुर्गों को संभलने का मौका नहीं दिया जा रहा है। आबकारी विभाग ने अपने नेटवर्क का विस्तार किया है। इसके अलावा सभी आबकारी निरीक्षकों के मध्य तालमेल को बढ़ाया गया है।
मुख्य मार्गों पर भी चौकसी बढ़ाई गई है। साथ ही सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश द्वारा दिए गए आदेश के क्रम में पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी, के निर्देशन में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन की रोकथाम के दृष्टिगत चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को आबकारी निरीक्षक शिखर कुमार मल्ल सेक्टर-6 की टीम द्वारा सीतापुर रोड पर से गुजरने वाले ट्रकों, टैंकरों और अन्य भारी वाहनों की चेकिंग की गई। साथ ही रोड के किनारे के ढाबों और रेस्टोरेंटों का भी निरीक्षण किया गया। अवैध शराब के खिलाफ कार्यवाही के साथ-साथ आबकारी विभाग की टीमें बिना लाइसेंस के शराब पिलाने वाले रेस्टोरेंट, ढाबों पर छापेमारी की कई।
रेस्टोरेंट एवं राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ढाबों की चेकिंग की गई। सभी ढाबों/ रेस्टोरेंट संचालको को उनके परिसर में अन्य प्रांत की शराब पाए जाने एवं बिना लाइसेंस शराब पिलाए जाने की स्थिति में नियमानुसार सख्त कार्यवाही किए जाने की चेतावनी दी गई। रेस्टोरेंट व ढाबे में शराब पिलाने के लिए आबकारी विभाग से लाइसेंस लेना अनिवार्य है। साथ ही ढाबा संचालकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि ढाबे के आसपास व बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी की सूचना आबकारी विभाग को दें। जिससे अवैध शराब का कारोबार करने वालों पर कार्यवाही की जा सकें। नियमानुसार ढाबे व रेस्टोरेंट का संचालन करें। बिना लाइसेंस के शराब का सेवन कराना, जेल की हवा खिला सकता है।



















