-महिला विंग और सारथी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में 90 से अधिक बच्चों की जाँच
-जिन बच्चों को दाँतों की समस्या मिली, उन्हें मिलेगा नि:शुल्क उपचार
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भारतीय वैश्य ग्लोबल फाउंडेशन की महिला शाखा एवं सारथी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को नेहरू नगर (तृतीय) स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका महाविद्यालय में नि:शुल्क दंत परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर बालिकाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और उन्हें सही समय पर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। शिविर में लगभग 90 से अधिक छात्राओं के दाँतों की जाँच की गई। दंत चिकित्सकों ने हर बच्ची की पूरी तरह से जांच की और उन्हें दाँतों की देखभाल से संबंधित आवश्यक परामर्श दिया। जिन बच्चों में दाँतों की समस्या पाई गई, उनके लिए चिकित्सकों ने अपने क्लिनिक पर नि:शुल्क उपचार की सुविधा देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष सीए डॉ. विनय मित्तल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अंजू मित्तल, जिला अध्यक्ष (महिला शाखा गाजि़याबाद) मनीषा गर्ग, उपाध्यक्ष मृक्ता बंसल, जिला संगठन मंत्री बबीता गर्ग, दीपा गर्ग और रश्मि सिंघल मौजूद रहीं।
दंत परीक्षण शिविर का संचालन डॉक्टर अखिल सिंघल और डॉक्टर सोमया शेखर ने किया। दोनों चिकित्सकों ने बच्चों को मौखिक स्वच्छता बनाए रखने और दाँतों से जुड़ी बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। डॉ. विनय मित्तल ने कहा कि समाज में बच्चों और महिलाओं का स्वास्थ्य सर्वोपरि है। ऐसे स्वास्थ्य शिविर न केवल बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराते हैं, बल्कि उनमें स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय वैश्य ग्लोबल फाउंडेशन का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक सेवा और सहयोग पहुँचाना है।
संस्था लगातार शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन करती रही है और आगे भी करती रहेगी। संस्था ने इस शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए कस्तूरबा गांधी बालिका महाविद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त किया। पदाधिकारियों का कहना था कि बालिकाओं के हित में इस प्रकार के प्रयास लगातार जारी रहेंगे ताकि आने वाली पीढ़ी स्वस्थ और सशक्त बन सके।
















