– विपक्षी पार्षदों को मिला भाजपा पार्षद का साथ
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। अभी तक विपक्षी पार्षद ही पॉलिटिकल ट्रेनिंग सेंटर की जमीन को कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई का विरोध कर रहे थे। लेकिन अब इन विपक्षी पार्षदों को भाजपा पार्षद का भी साथ मिल गया है। भाजपा पार्षद राजेंद्र त्यागी ने नगर निगम की कार्रवाई का विरोध किया है। मेयर आशा शर्मा पर हमला करते हुए नगर निगम में हिटलरशाही हावी होने का आरोप लगाया है। भाजपा पार्षद का आरोप है कि नगर निगम की जमीन पर हुए अवैध कब्जे के लिए नगर निगम अधिकारी जिम्मेदार हैं। ऐसे में निगम अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिये। भाजपा पार्षद ने मेयर से जल्द से जल्द कार्यकारिणी और बोर्ड की बैठक बुलाने और तब तक कार्रवाई रोकने को कहा है।
यह भी पढ़े : विपक्षी पार्षद हुए लामबंद, कार्रवाई के विरोध में सौंपा ज्ञापन
राजेंद्र त्यागी ने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों की शह के बिना भू-माफिया द्वारा सरकारी जमीन पर कब्जा कर प्लॉटिंग नहीं की जा सकती है। नगर निगम ने शांतिनगर में गरीबों को उजाड़ा है। गरीबों के मकान तोड़ना नगर निगम और सिस्टम की कू्ररता दशार्ता है। जिन लोगों के घर तोड़े गए उन्हें पुर्नवास कराना चाहिए।
यह भी पढ़े : पॉलिटिकल ट्रेनिंग सेंटर की बाधा दूर, नगर निगम ने कराया जमीन कब्जामुक्त
राजेंद्र त्यागी ने विधायक अजीत पाल त्यागी, सांसद वीके सिंह, सांसद अनिल अग्रवाल, मेयर आशा शर्मा को इस बाबत मैसेज भी किया है। उन्होंने मांग की है कि इस मामले में मेयर आशा शर्मा पहले बोर्ड बैठक और कार्यकारिणी की बैठक बुलाएं। बोर्ड बैठक में इस मामले पर जब तक विचार नहीं हो जाता है, तब तक शेष बचे हुए मकानों को तोड़ने की कार्रवाई नगर निगम द्वारा रोक दी जाये।
















