भाजपा को मिला युवा नेतृत्व और सशक्त दिशा: नितिन नवीन व पंकज चौधरी के चयन से संगठन होगा और मजबूत

-कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी को जनसेवक तरुण मिश्र ने दी बधाई, कहा- संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा

उदय भूमि संवाददाता
हैदराबाद। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में हाल ही में हुए अहम बदलावों को लेकर जनसेवक तरुण मिश्र ने कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और उत्तर प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह दोनों नियुक्तियां भाजपा के लिए भविष्य की रणनीति को दिशा देने वाली साबित होंगी और इससे संगठन को नई ऊर्जा, मजबूती और स्पष्ट नेतृत्व मिलेगा। तरुण मिश्र ने कहा कि लंबे समय से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच नितिन नवीन को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाना पार्टी के दूरदर्शी नेतृत्व का परिचायक है। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन भाजपा के उन युवा नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने कम उम्र में संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर अपनी कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता को सिद्ध किया है। बिहार सरकार में मंत्री रहते हुए उन्होंने जिस तरह जनहित से जुड़े मुद्दों पर काम किया, वह सराहनीय है, साथ ही छत्तीसगढ़ के संगठन प्रभारी रहते हुए भी अपने संगठनात्मक कार्य कुशलता का परिचय दिया है।

तरुण मिश्र ने कहा कि नितिन नवीन एक कर्मठ, ऊर्जावान और जमीन से जुड़े नेता हैं, जिनका कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद रहता है। वे संगठन के कामकाज को गहराई से समझते हैं और यही कारण है कि उन्हें इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि नितिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा का संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा युवाओं की भागीदारी भी तेजी से बढ़ेगी। उत्तर प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को लेकर तरुण मिश्र ने कहा कि उनका निर्विरोध चुना जाना इस बात का प्रमाण है कि पार्टी के भीतर उनके प्रति व्यापक विश्वास और सम्मान है। सात बार के सांसद और केंद्र सरकार में मंत्री के रूप में उनका अनुभव प्रदेश संगठन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। तरुण मिश्र ने कहा कि वर्ष 1980 में भाजपा के गठन के बाद पंकज चौधरी का 17वें प्रदेश अध्यक्ष के रूप में चयन होना ऐतिहासिक क्षण है।

tarun mishra

उन्होंने कहा कि पंकज चौधरी का राजनीतिक जीवन अनुशासन, संगठनात्मक क्षमता और जनसेवा की भावना से प्रेरित रहा है। उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भाजपा न केवल संगठनात्मक रूप से मजबूत होगी, बल्कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में भी सफल होगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय चुनाव अधिकारी पीयूष गोयल द्वारा पंकज चौधरी को निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया जाना और इस अवसर पर राष्ट्रीय परिषद के 120 सदस्यों की घोषणा पार्टी की लोकतांत्रिक और पारदर्शी कार्यप्रणाली को दर्शाती है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने यह स्पष्ट कर दिया कि पार्टी नेतृत्व उत्तर प्रदेश को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

तरुण मिश्र ने कहा कि आज जब देश और प्रदेश विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहे हैं, ऐसे समय में अनुभवी नेतृत्व और युवा ऊर्जा का यह संयोजन भाजपा को और अधिक सशक्त बनाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नितिन नवीन और पंकज चौधरी दोनों नेता संगठन और सरकार के बीच मजबूत सेतु बनकर कार्य करेंगे तथा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे। अंत में तरुण मिश्र ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित, विकास और सुशासन के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। नए नेतृत्व के साथ पार्टी न केवल राजनीतिक रूप से मजबूत होगी, बल्कि समाज के हर वर्ग तक अपनी नीतियों और योजनाओं को प्रभावी रूप से पहुंचाने में सफल रहेगी।