भाजपा विधायक को पाकिस्तान से धमकी

पुलिस गंभीर, बढ़ाई गई एमएलए की सुरक्षा

लखनऊ। भाजपा की महिला विधायक सरिता भदौरिया को पाकिस्तान से जान से मारने की धमकी मिली है। पाकिस्तान के फोन नंबर से उन्हें धमकी भरा एसएमएस भेजा गया है। एसएमएस में विधायक को सपरिवार जान से मारने की चेतावनी दी गई है। इस संबंध में डीएम और एसएसपी से शिकायत की गई है। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। इटावा से सदर विधायक सरिता भदौरिया उत्तर प्रदेश विधान मंडल की महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति भी हैं। विधायक सरिता के मोबाइल नंबर पर शनिवार की रात करीब 11 बजे पाकिस्तान के नंबर से एसएमएस भेजा गया। एसएमएस में उन्हें सपरिवार जान से मारने की धमकी दी गई है। मैसेज में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का भी जिक्र किया गया है। इसके बाद विधायक ने जिलाधिकारी श्रुति सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर से शिकायत की। एसएसपी ने विधायक की सुरक्षा में बढ़ोत्तरी कर पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ा दी है। पुलिस जांच में पता चला कि पाकिस्तानी नंबर से आए एसएमएस में भारतीयोंं और प्रधानमंत्री के प्रति भी अपशब्द कहे गए हैं। संदेश में लिखा है कि भाजपा-आरएसएस के लोग हमारे निशाने पर हैं। धमकी भरे मैसेज के बाद वीडियो कॉल भी किया गया। इससे परेशान भाजपा विधायक ने किसी भी कॉल का जबाब देना जरूरी नहीं समझा। हालांकि विधायक ने कहा कि वह इस प्रकार की धमकी से कतई डरने वाली नहीं हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच हो रही है। यूपी एटीएस को इस प्रकरण से अवगत करा दिया गया है। विधायक को एक के बाद एक 8 मैसेज भेजे गए हैं। ये सभी पाकिस्तान के नंबर से आए हैं, जिसकी जांच कराई जा रही है। मैसेज भेजने वाले को ट्रेस किया जाएगा। बता दें कि वर्ष-1999 में विधायक सरिता भदौरिया के पति अभयवीर सिंह भदौरिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।