राष्ट्रीय ध्वज के अपमान से देश आहत : पीएम

मन की बात में दिल्ली हिंसा का किया जिक्र

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम में दिल्ली हिंसा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस पर तिरंगे के अपमान से देश दुखी है। उन्होंने कहा कि आने वाले वक्त को नई आशा और नवीनता से भरना है। पिछले वर्ष हमने असाधारण संयम और साहस का परिचय दिया। इस वर्ष भी कड़ी मेहनत कर अपने संकल्पों को सिद्ध करना है। प्रधानमंत्री मोदी ने आज साल 2021 की पहली मन की बात कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस साल की शुरुआत के साथ कोविड-19 (कोरोना वायरस) के खिलाफ लड़ाई को भी करीब-करीब एक साल पूरा हो गया है। कोरोना के खिलाफ भारत की जंग ने उदाहरण पेश किया है। अब वैक्सीनेशन कार्यक्रम भी दुनिया में मिसाल बन रहा है उन्होंने कहा कि भारत सबसे बड़े वैक्सीनेशन कार्यक्रम के साथ दुनिया में सबसे तेज गति से अपने नागरिकों का वैक्सीनेशन भी करा रहा है। संकट के समय में भारत दुनिया की सेवा इसलिए कर पा रहा है, क्योंकि भारत आज दवाओं और वैक्सीन को लेकर सक्षम है। आत्मनिर्भर है। यही सोच आत्मनिर्भर भारत अभियान की भी है। उन्होंने कहा कि भारत के प्रत्येक हिस्से में, प्रत्येक शहर, कस्बे और गांव में आजादी की लड़ाई पूरी ताकत के साथ लड़ी गई थी। भारत भूमि के प्रत्येक कोने में ऐसे महान सपूतों और वीरांगनाओं ने जन्म लिया, जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मन की बात में श्रोताओं को क्या पसंद आता है, ये आप बेहतर जानते हैं, मगर मुझे मन की बात में सबसे अच्छा लगता है कि मुझे बहुत कुछ जानने-सीखने और पढऩे को मिलता है। एक प्रकार से परोक्ष रूप से आप सबसे जुडऩे का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि देशवासियों को देश के स्वतंत्रता सेनानियों के विषय में लिखना चाहिए। अपने क्षेत्र में स्वतंत्रता संग्राम के दौर की वीरता की गाथाओं के बारे में किताबें लिखनी चाहिए।