भाजपा आएगी, ममता जी जाएंगी : जेपी नड्डा

पश्चिम बंगाल दौर पर पहुंचे भाजपा अध्यक्ष

कोलकाता। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एक बार फिर पश्चिम बंगाल के दौर पर हैं। आगामी विधान सभा चुनाव से पहले भाजपा इस राज्य में अपनी सियासी जमीन को मजबूत करने की हरसंभव कोशिश कर रही है। इसके चलते सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की बेचैनी बढ़ी हुई है। पश्चिम बंगाल दौरे के पहले दिन जेपी नड्डा ने तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस बार के विधान सभा चुनाव में भाजपा का आना और ममता जी का जाना तय है। बर्धमान जनपद में किसान सुरक्षा ग्राम सभा में उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से यहां पर अपार संख्या में भीड़ उमड़ी है, ये बताता है कि ममता बनर्जी का जाना निश्चि है। भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि ममता सरकार के राज में किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। हम आपको इंसाफ दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने मन बना लिया है कि भाजपा को आना है और यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपनी सरकार बनाकर आपकी इच्छा पूरी करें। भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि आज से लेकर 24 जनवरी तक भाजपा कार्यकर्ता किसानों से अन्न लेंगे और सौगंध खाएंगे कि किसानों की लड़ाई भाजपा लड़ेगी। फिर 24 जनवरी से 31 जनवरी तक गांव-गांव में कृषक भोज करेंगे और 40 हजार ग्राम सभाओं में अपनी बात रखकर भाजपा की सरकार बनाने का रास्ता बुलंद करेंगे। नड्डा ने कहा कि ममता जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर किसान सम्मान निधि से जुडऩे के लिए कहा है। उन्हें शायद पता नहीं है कि मोदी जी ने कृषि सुरक्षा अभियान शुरू कर दिया है। ऐसे में अब उनके पत्र की जरूरत नहीं है। ममता जी जमीन, बंगाल से खिसक गई है तो बंगाल किसान की याद आई है, मगर अब पछताए होत क्या जब चिडिय़ा चुग गई खेत।