पश्चिम बंगाल में मंत्री पर बम से हमला, हालत गंभीर

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का केंद्र सरकार पर अटैक

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में श्रम राज्य मंत्री जाकिर हुसैन पर बम से हमला कर दिया गया। हमले में मंत्री सहित 26 नागरिक घायल हैं। मंत्री की हालत गंभीर है। पूरे प्रकरण की जांच का जिम्मा सीआईडी को सौंपा गया है। उधर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मंत्री पर हमले के लिए केंद्र को जिम्मेदार बताया है। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में निमटीटा रेलवे स्टेशन पर बुधवार की रात श्रम राज्य मंत्री जाकिर हुसैन पर बम से हमला किया गया। हमले में कुल 26 नागरिक घायल हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि मंत्री जाकिर हुसैन की हत्या की साजिश रची गई थी। मुख्यमंत्री बनर्जी ने मोदी सरकार पर गंभीर आरोप मढ़े हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लड़ाई संभव है, मगर हत्या की क्या जरूरत है। उन्होंने बताया कि मंत्री जाकिर हुसैन की हालत गंभीर है। पूरे प्रकरण की जांच सीआईडी कर रही है। ब्लास्ट के समय रेलवे स्टेशन पर किसी अधिकारी के उपस्थित न होने पर भी मुख्यमंत्री ने सवाल खड़े किए हैं। इससे पहले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता एवं वरिष्ठ मंत्री मलय घटक ने इस हमले के लिए टीएमसी के राजनीतिक प्रतिद्वंदियों को जिम्मेदार ठहराया था। जबकि तृणमूल से निष्कासित एवं मुर्शिदाबाद जिला परिषद के सभाधिपति मुशर्रफ हुसैन ने दावा किया है कि यह पार्टी के मध्य आंतरिक कलह का नतीजा है। सनद रहे कि पश्चिम बंगाल में अप्रैल-मई में विधान सभा चुनाव होने हैं। इसके मद्देनजर सूबे में सियासी पारा चढ़ा हुआ है। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा के कद्दावर नेता भी निरंतर पश्चिम बंगाल का रूख कर रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह पिछले दिनों बंगाल दौरे पर आए थे।