लिफ्ट खराब होने पर सुरक्षा गार्ड को मारी गोली

वाराणसी में हाउसिंग सोसाइटी के भीतर की घटना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में हाउसिंग सोसाइटी के भीतर लिफ्ट खराब होने पर उभरे विवाद में सुरक्षा गार्ड को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल पीड़ित को नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से सुरक्षा गार्ड दहशत में है। पुलिस ने अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। वाराणसी के भेलुपर थाना क्षेत्र की तराधाम कॉलोनी में हाउसिंग सोसाइटी है। वहां संदीप उपाध्याय सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता है। संदीप के पांव में गोली लगी है। उसे नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि सोसाइटी के रेजीडेंट विकास सिंह के निजी गनर ने सुरक्षा गार्ड को गोली मारी है। सुरक्षा गार्ड संदीप का कहना है कि हाउसिंग सोसाइटी की लिफ्ट खराब हो गई थी। रेजीडेंट विकास सिंह के ससुर को लिफ्ट खराब होना नागवार गुजरा। उन्होंने आवेश में आकर संदीप को धमकाना शुरू कर दिया। ऐसे में बहस होने के बाद मामला निपट भी गया, मगर कुछ देर बाद वह गनर को साथ ले आए और दोनों मिलकर सुरक्षा गार्ड को मारने की धमकी देने लगे। घायल संदीप का कहना है कि वह खुद को छुड़ाने की कोशिश करने लगे। इस बीच गनर ने गोली चला दी। गोली संदीप के पांव में लगी है। घटना के बाद से वह डरा-सहमा है। घायल संदीप का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उधर, थाना पुलिस ने अब तक इस मामले पर कोई ध्यान नहीं दिया है। पुलिस की लापरवाही से सुरक्षा गार्ड की चिंता और ज्यादा बढ़ी हुई है। उधर, विकास सिंह का कहना है कि गोली गलती से चल गई थी। गनर ने जान-बूझकर ऐसा नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि इस प्रकरण में लिखित शिकायत मिलने पर समुचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।