बम ब्लास्ट : पाकिस्तान में 7 की मौत, 70 घायल

बैग में विस्फोटक रख मदरसे में घुस गया आतंकी

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पेशावर में मंगलवार की सुबह भीषण बम विस्फोट से तबाही मच गई। मदरसे के नजदीक बम ब्लास्ट होने से 7 नागरिकों की जान चली गई। 70 से ज्यादा घायल हो गए। सभी घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया। शुरूआती जांच में मालूम पड़ा कि कोई संदिग्ध व्यक्ति बैग के साथ मदरसे में घुसा था। इसके बाद एकाएक धमाका हो गया। सुरक्षा एजेंसियां विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही हैं। यह घटना पेशावर में डिर कॉलोनी की है। डिर कॉलोनी में मदरसे के पास जबरदस्त बम विस्फोट से आस-पास का क्षेत्र एकाएक दहल गया। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस के मुताबिक मदरसे में किसी अज्ञात शख्स ने बैग के साथ प्रवेश किया था। बाद में बैग में रखे बम में धमाका हो गया। एसएसपी (ऑपरेशन) मंसून अमन ने ने बताया कि बम धमाके के कारणों की गंभीरता से जांच चल रही है। घायलों को लेडी रीडिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के प्रवक्ता मौहम्मद असीम के मुताबिक अस्पताल में 7 शव लाए गए हैं। 70 घायलों को भर्ती किया गया है। स्थिति को देखकर अस्पताल में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वकार अजीम का कहना है कि बम ब्लास्ट मदरसे के भीतर कुरान की कक्षा के दरम्यान हुआ है। मृतकों की संख्या में वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। बता दें कि पेशावर पाकिस्तान के खैबर पख्तूनखवा की प्रांतीय राजधानी है। इसकी सीमा अफगानिस्तान से मिलती है। पिछले कुछ समय से पेशावर में आतंकवादी घटनाओं में वृद्धि हुई है। कट्टरपंथियों ने पाकिस्तान में मदरसों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। उधर, सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि बम विस्फोट के पीछे की साजिश के नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।