-भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक ने कार्यकर्ताओं को दिया संगठन विस्तार का मंत्र
-आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम के उपरांत कार्यकर्ताओं संग हुआ चाय पर संवाद, विचारों और अनुभवों से मिला मार्गदर्शन
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष, विधायक और आपातकाल की 50वीं बरसी परकाला दिवस कार्यक्रम के संयोजक विजय बहादुर पाठक ने शनिवार को गाजियाबाद में कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों संग आत्मीय मुलाकात की। कार्यक्रम के उपरांत उनके निज निवास पर आयोजित चाय पर संवाद कार्यक्रम में उन्होंने न केवल कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया, बल्कि संगठनात्मक जीवन के अनुभवों से भी सबको परिचित कराया। श्री पाठक ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे स्वयं को संगठन का मजबूत स्तंभ मानते हुए सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि राजनीति में निरंतर जीवित रहने के लिए विचारधारा, प्रतिबद्धता और संगठन के प्रति समर्पण सबसे बड़ा आधार होते हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एसपी सिंह व उनकी धर्मपत्नी और पूर्व पार्षद कुसुम सिंह ने श्री पाठक का स्वागत करते हुए कहा कि उनका सहज व्यक्तित्व और विचारशील संवाद कार्यकर्ताओं को राजनीति में दृढ़ता और विवेक से आगे बढऩे की प्रेरणा देता है। चाय पर चर्चा के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रदेश उपाध्यक्ष का पारंपरिक पगड़ी पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। श्री पाठक के विचार सुनने के बाद सभी कार्यकर्ता उत्साहित नजर आए और उन्होंने संगठन के प्रति अपनी निष्ठा को और सशक्त करने का संकल्प लिया।
इस विशेष अवसर पर पूर्व पार्षद कुसुम सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता एसपी सिंह, हेमलता शर्मा, अनिल राणा, मंडल महामंत्री माधव सूद, मंडल उपाध्यक्ष रामजी झा, पूर्व पार्षद विजेंद्र सिंह चौहान, प्रमिला राणा, कन्हैया, सुरेंद्र भारती, के.के. दुबे, तिलकराम पांडे, रमाकांत पांडे, गगन आनंद सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम न केवल एक राजनैतिक विमर्श का मंच बना, बल्कि संगठन के भीतर आपसी संवाद, प्रेरणा और ऊर्जा को भी नए स्तर पर लेकर गया। सभी कार्यकर्ताओं ने श्री विजय बहादुर पाठक द्वारा दिखाए मार्ग पर चलने की प्रतिबद्धता दोहराई।

















