-नए वित्तीय वर्ष में बढ़ेगी मानचित्र स्वीकृति शुल्क, आम जनता पर पड़ेगा सीधा असर
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। अगर आप गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) क्षेत्र में अपना घर बनाने की योजना बना रहे हैं, तो अब आपको ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। जीडीए से ग्रुप हाउसिंग, कमर्शियल बिल्डिंग और अन्य निर्माण कार्यों के लिए नक्शा पास कराना अब महंगा होने जा रहा है। नए वित्तीय वर्ष में शासन के निर्देशानुसार जीडीए अपने शुल्कों में लगभग 5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करने जा रहा है। इससे भूखंड पर मकान बनाने की लागत में वृद्धि होगी और आम जनता पर इसका सीधा असर पड़ेगा। गाजियाबाद में मकान निर्माण के लिए जीडीए की मंजूरी जरूरी होती है।
इसके लिए प्राधिकरण विभिन्न शुल्क वसूलता है, जिसमें मानचित्र स्वीकृति शुल्क, विकास शुल्क और अन्य टैक्स शामिल होते हैं। इस बार शासन ने निर्देश दिया है कि इन शुल्कों में 5त्न तक की वृद्धि की जाए। हालांकि, अभी तक इसका औपचारिक कार्यालय आदेश जारी नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि इस हफ्ते के भीतर ही आदेश लागू हो जाएगा। इस शुल्क वृद्धि का प्रभाव आम जनता पर पड़ेगा, जो अपने भूखंड पर घर बनाने की योजना बना रही है। उदाहरण के तौर पर, अगर किसी नक्शे को पास कराने के लिए पहले 100 रुपये शुल्क देना पड़ता था, तो अब यह बढ़कर 105 रुपये हो जाएगा। इसी तरह, बड़े भूखंडों और ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट्स में यह वृद्धि लाखों में पहुंच सकती है।
जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) शासन के निर्देशानुसार मानचित्र स्वीकृति शुल्क में नियमानुसार बढ़ोतरी करने जा रहा है। यह वृद्धि लगभग 5 प्रतिशत तक होगी, जो कि तय नियमों के तहत लागू की जा रही है। इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य शहर के समग्र विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार के लिए आवश्यक वित्तीय संसाधन जुटाना है। शुल्क वृद्धि के संबंध में जल्द ही कार्यालय आदेश जारी किया जाएगा, जिसके बाद नई दरें प्रभावी हो जाएंगी।
















