चैत्र नवरात्रि का भव्य आयोजन, मंदिरों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

-मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़, भव्य सजावट से निखरे मंदिर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर शहर के प्रमुख मंदिरों में भक्ति और आस्था का दिव्य माहौल बना हुआ है। श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर के पीठाधीश्वर, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता, दिल्ली संत महामंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व हिंदू यूनाइटिड फ्रंट के अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज के सानिध्य में भव्य आयोजन किए जा रहे हैं। नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना की गई। देवी दुर्गा के इस द्वितीय स्वरूप की उपासना से भक्तों को संयम, तपस्या और शक्ति का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़े के अंतर्राष्ट्रीय मंत्री महंत गिरिशानंद गिरि जी महाराज ने बताया कि नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व में प्रतिदिन मां दुर्गा के विभिन्न रूपों की आराधना का विशेष महत्व होता है। गाजियाबाद के प्रमुख मंदिरों, जैसे – दिल्ली गेट देवी मंदिर, दूधेश्वरनाथ मंदिर, डासना देवी मंदिर, ठाकुरद्वारा, नेहरू नगर स्थित शिव मंदिर, मोहननगर मंदिर व घंटाघर स्थित गुफावाले मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया। मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने कलश स्थापना, जौ बोने और व्रत का पालन करते हुए मां दुर्गा की आराधना की। भक्तों ने मिट्टी का कलश, जौ, गंगाजल, पुष्प, मिष्ठान, फल, रोली, चावल, कलावा आदि की खरीदारी की और मंदिरों में पूजा-अर्चना की।

महंत विजय गिरी जी महाराज ने बताया- मां भगवती का आगमन शुभ संकेत
मंदिरों में संत-महात्माओं और आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चारण और हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। महंत विजय गिरी जी महाराज ने बताया कि इस बार मां भगवती हाथी पर सवार होकर आई हैं, जो कि देश के लिए शुभ संकेत माना जाता है। इस अवसर पर महंत गिरिशानंद गिरि जी, महंत विजय गिरी जी, श्रीमहंत गिरजानंद गिरी जी महाराज, शास्त्री शुभम, सतवीर चौधरी, विजय गुप्ता सहित सैकड़ों भक्तों ने भाग लिया।

श्रद्धा और भक्ति का वातावरण
गाजियाबाद में नवरात्रि के इन पावन दिनों में श्रद्धालुओं का अपार उत्साह देखने को मिल रहा है। भक्तों ने मां दुर्गा की आराधना कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। मंदिरों में भक्तों के लिए भजन-कीर्तन, हवन, भंडारे और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं।

जय माता दी के जयकारों से गूंज रहा है गाजियाबाद
नवरात्रि के दूसरे और तीसरे दिन मां जगदंबा के स्वागत के लिए शहर में भक्ति का माहौल चरम पर है। मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें, भजन-कीर्तन और विशेष पूजा-अर्चना से पूरा गाजियाबाद जय माता दी के नारों से गूंज रहा है।