जीडीए की भव्य नीलामी में बंपर कमाई, 69.90 करोड़ रुपये की संभावित आय

-शहर के विकास को मिलेगी रफ्तार, जीडीए की नीलामी से सरकारी खजाने को बड़ा लाभ
-इतिहास रचती जीडीए की नीलामी, रियल एस्टेट सेक्टर को बढ़ावा

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शुक्रवार को एक ऐतिहासिक नीलामी का आयोजन किया, जिसमें विभिन्न योजनाओं के व्यवसायिक और आवासीय भूखंडों समेत अन्य संपत्तियों की बिक्री की गई। लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में आयोजित इस नीलामी ने 69.90 करोड़ रुपये की संभावित आय का नया रिकॉर्ड बनाया। नीलामी की अध्यक्षता जीडीए अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने की, जिनकी निगरानी में यह पूरी प्रक्रिया निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई। गाजियाबाद के रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को बढ़ावा देने के लिए जीडीए ने इस नीलामी में कई महत्वपूर्ण भूखंडों और संपत्तियों को शामिल किया। गाजियाबाद में हो रही इस तरह की भव्य नीलामियां रियल एस्टेट सेक्टर को नया आयाम दे रही हैं।

जीडीए के इस कदम से न केवल सरकारी खजाने को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि शहर में अधूरी पड़ी परियोजनाओं को भी रफ्तार मिलेगी। बड़ी संख्या में व्यवसायिक और आवासीय परियोजनाओं को बढ़ावा मिलने से गाजियाबाद में निवेश का नया दौर शुरू होगा। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की यह नीलामी शहर के लिए मील का पत्थर साबित हो रही है। इससे न केवल सरकारी खजाने को लाभ होगा, बल्कि नागरिकों को भी नए अवसर मिलेंगे। गाजियाबाद तेजी से विकास की दिशा में अग्रसर है और आने वाले समय में यह शहर निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर के नए केंद्र के रूप में उभरेगा। मौके पर ओएसडी कनिका कौशिक, चीफ इंजीनियर मानवेन्द्र सिंह, प्रभारी मुख्य अभियंता, विशेषकार्याधिकारी/प्रभारी व्यवसायिक, सहायक अभियंता, लेखाकार, वरिष्ठ सहायक समेत कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

गाजियाबाद में आर्थिक उछाल, इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगा बड़ा फायदा
गाजियाबाद में हो रही इस तरह की नीलामियां यह संकेत दे रही हैं कि शहर अब बड़े स्तर पर आर्थिक प्रगति की ओर बढ़ रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस नीलामी से जुटाई गई राशि से नए इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को तेज गति मिलेगी, जिससे सड़कों, पुलों, मेट्रो, सार्वजनिक भवनों और अन्य नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा सकेगा।

गाजियाबाद की जनता को होगा फायदा
• बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर: नई परियोजनाओं को रफ्तार मिलेगी
• रोजगार के नए अवसर: निर्माण कार्य और व्यापार को बढ़ावा
• अचल संपत्ति का विकास: रियल एस्टेट बाजार में वृद्धि
• बेहतर सुविधाएं: नए सामुदायिक केंद्र, मॉल, स्कूल, अस्पताल आदि का निर्माण

संपत्तियों की नीलामी
• इंदिरापुरम विस्तार योजना: 6 आवासीय भूखंड
• इंदिरापुरम योजना: 8 कन्वीनियन्ट शॉपिंग भूखंड, 1 दुकान भूखंड
• मधुबन-बापूधाम योजना: 9 निर्मित कन्वीनियन्ट शॉप
• स्वर्णजयन्तीपुरम योजना: 1 आवासीय भूखंड
• कर्पूरीपुरम योजना: 1 आर्ट गैलरी भूखंड
• प्रताप विहार योजना: 1 दुकान भूखंड
• पुराना बस अड्डा ऑटो स्टैंड: अनुज्ञप्ति (लाईसेंस डीड) के आधार पर नीलाम
इसके अलावा, राजनगर व्हीकल फ्री जोन में निर्मित कियोस्क, सामुदायिक केंद्र भूखंड, शिक्षण संस्थान भूखंड, नर्सिंग होम भूखंड, ओल्ड एज होम भूखंड, मल्टीप्लेक्स भूखंड और ग्रुप हाउसिंग भूखंडों की भी नीलामी की गई।

प्रदीप कुमार सिंह
जीडीए अपर सचिव

जीडीए अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह का कहना है कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की इस नीलामी से शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर और रियल एस्टेट क्षेत्र को मजबूती मिलेगी। हमारा प्रयास है कि पारदर्शी और प्रभावी तरीके से भूखंडों और अन्य संपत्तियों की नीलामी की जाए, जिससे सरकारी राजस्व में बढ़ोतरी हो और शहर में नए विकास कार्यों को गति मिले। इस नीलामी से हमें 69.90 करोड़ रुपये की संभावित आय होने की उम्मीद है, जो गाजियाबाद के विकास कार्यों में इस्तेमाल की जाएगी। जीडीए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है कि इस तरह की नीलामियों के माध्यम से नए निवेशकों को अवसर मिले और गाजियाबाद को एक स्मार्ट और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए जाएं।