-एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की विशेष फ्लाइट ने परखा सिस्टम
-दो चरणों में पूरी हुई प्रक्रिया, अब जल्द लाइसेंस जारी होगा
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनआईए) के बहुप्रतीक्षित उद्घाटन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) की विशेष कैलिब्रेशन फ्लाइट ने मंगलवार सुबह रनवे-28 के इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) को पश्चिम दिशा से सफलतापूर्वक कैलिब्रेट कर लिया। यह बीच्चक्राफ्ट किंग एयर विमान ठीक सुबह 10:26 बजे रनवे पर सुरक्षित उतरा, जिससे एयरपोर्ट के तकनीकी मानकों को अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिलने की प्रक्रिया में तेजी आई है।
एएआई के अधिकारियों के अनुसार, आईएलएस कैलिब्रेशन एक जटिल तकनीकी प्रक्रिया है जिसमें विमान दोनों दिशाओं से रनवे के सिग्नलों की सटीकता जांचता है। शुक्रवार को पूर्वी छोर से रनवे-10 (या आईएलएस-10) की कैलिब्रेशन पूरी की गई थी, जबकि आज पश्चिमी छोर से रनवे-28 (आईएलएस-28) का कार्य संपन्न हुआ। दोनों दिशाओं से डेटा एकत्र करने के बाद एएआई की टीम इसे विश्लेषण करेगी और डीजीसीए (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) को अंतिम रिपोर्ट सौंपेगी। एयरपोर्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, यह कैलिब्रेशन सुनिश्चित करता है कि खराब मौसम या कम दृश्यता में भी विमान पूरी तरह स्वचालित तरीके से सुरक्षित लैंडिंग कर सकें।
दोनों दिशाओं से सफल परीक्षण के बाद रनवे को कमर्शियल ऑपरेशंस के लिए पूरी तरह तैयार माना जाएगा।”नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जो उत्तर भारत का सबसे बड़ा हवाई अड्डा बनने जा रहा है, दिसंबर 2025 तक चालू होने की उम्मीद है। कैलिब्रेशन के बाद अब रनवे लाइटिंग, नेविगेशन सिस्टम और टर्मिनल की अंतिम टेस्टिंग बाकी है। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (वाईआईएपीएल) के सीईओ क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा, “हर तकनीकी मील का पत्थर हमें समय पर उद्घाटन के करीब ला रहा है।
स्थानीय निवासियों और कारोबारियों में उत्साह का माहौल है। जेवर के एक व्यवसायी राकेश शर्मा ने बताया, एयरपोर्ट खुलने से रोजगार और व्यापार के नए अवसर पैदा होंगे। कैलिब्रेशन का सफल होना इसकी गारंटी है कि सब कुछ विश्वस्तरीय होगा। एएआई की टीम अब अगले सप्ताह तक रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसके बाद डीजीसीए से अंतिम मंजूरी मिलने की संभावना है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट दिल्ली-एनसीआर के लिए दूसरा प्रमुख हवाई द्वार बनने की राह पर तेजी से अग्रसर है।
















