-57 किलोमीटर लंबे जल मार्ग में सफाई, पेड़ लगाने और अतिक्रमण हटाने के लिए सभी विभाग एकजुट; डीपीआर तैयार करने के निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने हिंडन नदी को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नदी के जल मार्ग को साफ-सुथरा बनाने, घाटों का सौंदर्यीकरण करने और नदी किनारे पौधारोपण के लिए विस्तृत योजना बनाने के निर्देश दिए। बैठक में प्रभागीय निदेशक वानिकी ईशा तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी अंकित सिंह, सिंचाई विभाग और नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए हिंडन नदी के जल को स्वच्छ बनाए रखना और घाटों की सफाई कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि हिंडन नदी के 57 किलोमीटर लंबे मार्ग में लोनी, रजापुर, मुरादनगर और नगर निगम क्षेत्रों में नदी किनारे सफाई कराई जाए और पौधारोपण के माध्यम से मिट्टी कटाव और जल गुणवत्ता सुधार पर ध्यान दिया जाए। इसके अलावा, नदी में गिरने वाले सभी छोटे-बड़े नालों को टैप करके जल की शुद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि हिंडन नदी के किनारे अतिक्रमण और कब्जा हटाने के लिए अभियान चलाया जाए। यह अभियान पूरे जनपद में फैला होगा और इसे प्रभावी बनाने के लिए सभी विभागों को एकजुट होकर काम करना होगा। डीपीआर तैयार करने और विशेषज्ञों से राय लेने का भी आदेश दिया गया, ताकि नदी के जल प्रवाह, घाटों की सुंदरता और पर्यावरणीय सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि हमारा एकमात्र लक्ष्य होना चाहिए कि हिंडन नदी जनपदवासियों के लिए स्वच्छ, अविरल और सुंदर बनें। इसके लिए नगर निगम, सिंचाई विभाग, वन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण विभाग और अन्य संबंधित विभाग मिलकर काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि नदी किनारे पेड़ लगाने से न केवल जल गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि पर्यावरण संतुलन भी बना रहेगा। इस अभियान के तहत नदी किनारे नियमित निगरानी, अतिक्रमण हटाना, सफाई और पौधारोपण के लिए विशेष टीम गठित की जाएगी।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे इस दिशा में ठोस कदम उठाएं और रिपोर्ट समय-समय पर जिलाधिकारी को प्रस्तुत करें। हिंडन नदी की सफाई और संरक्षण को लेकर जिलाधिकारी का मानना है कि यह न केवल पर्यावरणीय सुधार के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि जनता के स्वास्थ्य, जल संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने सभी विभागों और अधिकारियों से अपील की कि वे अभियान को प्रभावी बनाने के लिए हर संभव प्रयास करें और जनता का सहयोग भी सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने बैठक के अंत में कहा कि हिंडन नदी को अविरल, स्वच्छ और सुंदर बनाने का यह प्रयास गाजियाबाद की प्राकृतिक धरोहर की सुरक्षा और आने वाली पीढिय़ों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
















