CDO अभिनव गोपाल ने शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक में डिजिटल अटेंडेंस लगवाने के दिए निर्देश

-नये शैक्षिक सत्र में छात्र नामांकन बढ़ाए शिक्षक: अभिनव गोपाल

गाजियाबाद। विकास भवन के दुर्गावती देवी सभागार में सीडीओ अभिनव गोपाल की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की माह जुलाई की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में सीडीओ ने सभी छात्रों की नियमित डिजिटल अटेंडेंस लगवाने सहित 11 पंजिकाओ का डिजिटलाइजेशन करना सुनिश्चित करने के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने निर्देशित किया कि नये शैक्षिक सत्र में छात्र नामांकन बढ़ाया जाए। जनपद में 6 से 14 वर्ष की आयु का कोई भी बच्चा बिना विद्यालय नामांकन के ना रहे इसके लिए हाउसहोल्ड सर्वे को प्राथमिकता के आधार पर पूरे जनपद के प्रत्येक ग्रामपंचायत और नगर में संचालित किया जाए। प्रत्येक घर का सर्वे समयबद्ध रूप से पूर्ण कर लिया जाए। सभी बच्चों को स्कूल में आने के लिए प्रेरित करने और नवीन नामांकन को बढ़ाने के लिए स्कूल चलो अभियान संचालित किया जाए।

कक्षा 1, 2, 3 के छात्रों को भाषा और गणित में निपुण बनाने के लिए आधारशिला क्रियान्वयन संदर्शिका आधारित शिक्षण सुनिश्चित किया जाए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया जनपद में कुल 3530 बच्चे नोट सीटेट पाए गए हैं अथवा 3203 बच्चों के आधार नहीं है। जिसका मुख्य कारण बर्थ सर्टिफिकेट ना होना है, ऐसे बच्चों की सूची बनाकर नगर निगम व ग्राम पंचायत से बात करके यह समस्या दूर कराई जाएगी। जिन बच्चों के खाते सीडेड नहीं है उनके लिए अगली समीक्षा बैठक में एलडीएम से वार्ता की जाएगी कि वह बैंक को निर्देशित करें कि बच्चों के खातों को सीडेड कराए।

जनपद में चल रहे विभाग के समस्त निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई, जिसके लिए समस्त वीडियो एवं जिला समन्वयक को गुणवत्ता एवं कार्य को समय से पूर्ण करने की निर्देश दिए गए। बैठक में डायट उपप्राचार्य ज्योति दीक्षित, बीएसए ओपी यादव, खंड शिक्षा अधिकारी जमुना प्रसाद, सर्वेश कुमार, इशक लाल, नरेंद्र कुमार, विश्वजीत राठी, अभिषेक कुमार, कविता चौहान, महिमा दयाल, डीसी रुचि त्यागी, अरविन्द शर्मा, विश्वास गौतम, टिंकू कंसल, राकेश कुमार, एसआरजी पूनम शर्मा, विनीता त्यागी, देवांकुर, सभी ब्लॉक से एआरपी, सीएसएफ और संपर्क फाउंडेशन आदि उपस्थित रहें।