कर्मचारियों की हर समस्याओं का होगा समाधान, नगर आयुक्त ने वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी कमान

-निगम की बेहतर कार्य शैली के लिए कर्मचारियों का हित सर्वोपरि: नगर आयुक्त

गाजियाबाद। नगर निगम में कार्यरत हमारे कर्मचारियों की कई समस्याएं रहती हैं। हमारे कर्मचारी संकोच से अपनी छोटी एवं बड़ी समस्याएं अधिकारियों को नहीं बता पाते हैं, जिससे उनके समस्या का निराकरण समय पर नहीं हो पता है। नगर निगम का हरेक कर्मचारी एवं अधिकारी निगम परिवार का हिस्सा है। निगम कर्मचारियों की हर समस्या का समाधान प्रमुखता के आधार पर किया जाए। गुरुवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अपने कार्यालय में नगर निगम कर्मचारी संघ गाजियाबाद (रजि) के सभी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक मेंं कर्मचारी हितों पर विचार विमर्श किया गया। मौके पर नगर निगम वाहन चालक संघ, जलकल कर्मचारी संघ उपस्थित रहे। नगर निगम कर्मचारी संघ गाजियाबाद के अध्यक्ष रविंद्र द्वारा कर्मचारी हित की कई मांग को नगर आयुक्त के समक्ष रखा।

जिस पर नगर आयुक्त ने बारी-बारी चर्चा की और संबंधित अधिकारी को तत्काल कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। नगर निगम कर्मचारी संघ द्वारा नेशनल पेंशन स्कीम, डिपार्मेंटल प्रमोशन की विषय पर गंभीरता से वार्ता करते हुए निर्णय लेने के लिए कहा गया। जिस पर नगर आयुक्त द्वारा तत्काल प्रभाव से कार्यवाही करते हुए पदोन्नति के विषय पर संस्तुति भी दी गई। नगर आयुक्त द्वारा पेंशन की फाइलों को भी शीघ्र प्रस्तुत करने के लिए अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव को आदेश दिए। इसके अलावा पदोन्नति के विषय पर भी योग्यता के आधार पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ईएसआई और पीएफ के विषय पर भी आने वाली समस्याओं को तत्काल समाप्त करने के लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश को आदेशित किया।

ऑनलाइन प्रक्रिया को देखते हुए कर्मचारियों से लगातार समन्वय बनाने के लिए कहा, इसी के साथ-साथ अन्य संगठनों द्वारा भी अपने कर्मचारियों की मांग को रखा। जिसमें मालियों के बैठने के लिए उचित स्थान प्रत्येक जोन में निर्धारित करने के लिए विषय को रखा गया। जिस पर तत्काल प्रभाव से महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद को प्रत्येक जोन में कमरों की व्यवस्था करने के लिए आदेश दिए। मृतक आश्रित की नियुक्ति को लेकर चर्चा हुई। जिस पर अविलंब कार्यवाही करते हुए, फाइल प्रस्तुत करने के निर्देश अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव को दिए। इसके अलावा निगम की यूनियन द्वारा कर्मचारी को योग्यता के आधार पर पदोन्नति देने के लिए भी निर्णय लेने के विषय पर चर्चा की। नगर आयुक्त द्वारा ऐसे कर्मचारी जो चतुर्थ श्रेणी में कार्य कर रहे हैं उनको योग्यता के आधार पर प्रमोशन देने के लिए भी निर्णय लिया गया।

कर्मचारियों के हित में नगर आयुक्त और विभागीय अधिकारियों सहित नगर निगम की यूनियन द्वारा बैठक हुई। जिसमें लिए गए निर्णय पर समस्त उपस्थित यूनियन के पदाधिकारी द्वारा नगर आयुक्त का धन्यवाद भी दिया गया। नगर आयुक्त द्वारा अन्य मांगों पर भी विचार करते हुए शासन से पत्राचार करने के लिए भी आश्वासन दिया। नगर आयुक्त ने बताया नगर निगम की कार्यशैली को बेहतर करने के लिए हर कर्मचारी का स्वस्थ्य रहना और परिवारजनों का सकुशल रहना बहुत जरूरी है। बैठक में नगर निगम कर्मचारी संघ गाजियाबाद के अध्यक्ष रविंद्र, उपाध्यक्ष संजय शर्मा, अनिल त्यागी उप मंत्री, नितिन भारद्वाज महामंत्री, यशपाल त्यागी संरक्षक व अन्य संगठनों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।