छठ पर्व 2025: नगर निगम ने घाटों को किया स्वच्छ, भव्य और प्लास्टिक मुक्त, सुरक्षा व्यवस्था में अधिकारी अलर्ट

-हिंडन घाट पर विशेष तैयारी, 25 चेंजिंग रूम, आकर्षक लाइटिंग, जीरो वेस्ट और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। छठ पर्व के आगमन के साथ ही गाजियाबाद नगर निगम ने शहर के सभी घाटों को श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पूर्ण रूप से व्यवस्थित कर दिया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशानुसार घाटों को स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। हिंडन नदी मुख्य छठ घाट पर इस वर्ष सबसे अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त व्यवस्थाओं का खास ध्यान रखा गया। नगर आयुक्त ने पर्व के दौरान घाटों पर किसी भी प्रकार की कमी न होने का निर्देश देते हुए अधिकारियों की ड्यूटी प्रत्येक जोन में सुनिश्चित करवाई है। इस दिशा में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार और अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव अपने-अपने विभागों की टीम के साथ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सभी घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

मुख्य हिंडन घाट पर 25 चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। इसके साथ ही प्रकाश विभाग ने घाटों पर आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की, जिससे घाटों की भव्यता और सौंदर्य में चार चाँद लग गए हैं। नगर निगम ने पर्व के दौरान स्वच्छता और जागरूकता बनाए रखने के लिए होर्डिंग्स लगवाए और श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति सतर्क रहने की अपील की।
नगर आयुक्त ने सभी जोनल प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने जोन के घाटों को पूर्ण रूप से व्यवस्थित और भव्य बनाएं। नगर निगम के प्रकाश विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जलकल विभाग और निर्माण विभाग पर्व के दौरान पूरी तरह अलर्ट रहेंगे। घाटों को प्लास्टिक मुक्त और जीरो वेस्ट बनाए रखने के लिए निगम की टीम ने विशेष कार्यवाही की है। हिंडन छठ घाट इस वर्ष पूरी तरह से प्लास्टिक मुक्त और जीरो वेस्ट पर आधारित रहेगा। पुरबिया जन कल्याण परिषद के पदाधिकारियों ने नगर निगम की इस तैयारी और व्यवस्थाओं की प्रशंसा की।

राष्ट्रीय महासचिव राकेश तिवारी, अध्यक्ष रीता सिंह और सदस्य मनोज ने प्रकाश, स्वास्थ्य, जलकल और निर्माण विभाग की टीम का विशेष धन्यवाद किया। इसके अतिरिक्त, गाजियाबाद नगर निगम ने हिंडन छठ घाट पर दोनों तरफ 750 मीटर लंबी बैरिकेडिंग और ग्रीन नेट्स लगाई हैं, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और स्वच्छता बनाए रखी जा सके। नगर निगम ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे स्वच्छता का ध्यान रखते हुए उत्साह और श्रद्धा के साथ छठ पर्व मनाएं। अधिकारियों को भी अलर्ट रहकर घाटों पर व्यवस्था बनाए रखने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया है। नगर निगम की यह पहल न केवल श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित पर्व सुनिश्चित करेगी, बल्कि शहर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रभावी रूप से पहुंचेगा।