Madhuban-Bapudham योजनाओं को समय पर और बेहतरीन गुणवत्ता के साथ पूरा करें: नंद किशोर कलाल

-जीडीए उपाध्यक्ष ने मधुबन-बापूधाम योजनाओं का किया व्यापक निरीक्षण, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की महत्वाकांक्षी मधुबन-बापूधाम योजना में निर्माणाधीन परियोजनाओं में अब गति और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। रविवार को जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने लगभग तीन घंटे तक मधुबन-बापूधाम योजना के विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्पष्ट रूप से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह और प्रभारी चीफ इंजीनियर आलोक रंजन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत निर्मित 856 ईडब्ल्यूएस भवनों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी भवनों की गुणवत्ता और निर्माण की स्थिति को संतोषजनक पाया और आवंटियों के पक्ष में रजिस्ट्री प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ईडब्ल्यूएस और एलआईजी फ्लैट्स, कांशीराम आवास योजना के पूर्व निर्मित भवनों, पार्कों और आंतरिक मार्गों की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक अनुरक्षण और मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए। उपाध्यक्ष ने टू-बीएचके अर्फोडेबल हाउसिंग और नई सेक्टर योजना के भवनों के प्रचार-प्रसार और बिक्री तेज करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही योजना क्षेत्र में उपलब्ध रिक्त भूमि पर व्यावसायिक और आवासीय योजनाओं का विकास सुनिश्चित करने के आदेश दिए।

मधुबन-बापूधाम योजना में निर्माणाधीन बुनकर मार्ट (कन्वेंशन सेंटर) की प्रगति का निरीक्षण करते हुए उपाध्यक्ष ने निर्धारित समयावधि के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बुनकर मार्ट परिसर के आसपास के मार्गों पर उच्चस्तरीय ग्रीन बेल्ट और चौराहों का सौंदर्यीकरण सुनिश्चित किया जाए। उपाध्यक्ष ने योजना में जीडीए के नए कार्यालय भवन का स्थलीय निरीक्षण किया और ग्रैप-3 के सभी मानकों का पालन, पानी का नियमित छिड़काव, और अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। नंद किशोर कलाल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोलचक्कर (राउंडअबाउट) विकसित करने के निर्देश दिए, जिसमें स्थानीय नागरिकों के लिए सुविधाएँ, बच्चों के लिए मनोरंजन कोर और विकसित भारत थीम के अनुरूप सौंदर्यीकरण शामिल होगा।

उन्होंने नॉर्दर्न पेरीफेरल रोड (45 मीटर चौड़ी रोड) का निर्माण प्राथमिकता पर शुरू कराने के निर्देश दिए, ताकि योजना क्षेत्र में यातायात की सुगमता सुनिश्चित की जा सके। उपाध्यक्ष ने योजना के सभी पार्कों और सार्वजनिक स्थलों के विकास पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि बेंच, वॉकिंग पाथ, लाइटिंग और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था उच्चतम स्तर पर की जाए। सेंट्रल वर्ज, ग्रीन बेल्ट और साइड वर्ज में वृक्षों की छंटाई, रेलिंग की रंगाई और सौंदर्यीकरण कार्य नियमित रूप से कराए जाएँ। नंद किशोर कलाल ने स्पष्ट किया कि मधुबन-बापूधाम योजना के सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएँ।

किसी भी एजेंसी द्वारा लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के सभी निर्माण और विकास कार्य नवीनतम तकनीकी मानकों और पर्यावरणीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप हों। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण लगातार प्रतिबद्ध है कि मधुबन-बापूधाम योजना को एक आधुनिक, सुरक्षित, सुविकसित और उत्कृष्ट आवासीय क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाए। इस योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन पीएम आवास, बुनकर मार्ट, नॉर्दर्न पेरीफेरल रोड और अन्य परियोजनाओं में तेजी लाकर इसे समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।