-शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण न होने पर कार्यवाही के लिए तैयार रहें अधिकारी: दीपक मीणा
-सम्पूर्ण समाधान दिवस में आई 138 शिकायतों में 4 का हुआ निस्तारण
उदय भूमि
गाजियाबाद। जनपद की तीनों तहसीलों में माह के पहले शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसी क्रम में मोदीनगर तहसील में मेरठ मंडल के मंडलायुक्त डॉ. ऋषिकेश भास्कर यशोद ने संपूर्ण समाधान दिवस मेें आने वाले पीड़ितों की शिकायतों को सुना। इस दौरान उनके समक्ष कुल 138 शिकायतें प्राप्त हुई। इनमें से मौके पर 4 शिकायतों का निस्तारण किया गया। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गन्ने का बकाया भुगतान समय पर कराया जाए। शिकायतों का समय पर पूर्ण गुणवत्ता के साथ निस्तारण किया जाए। ताकि शिकायतकर्ता संतुष्ट हो सके। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व सौरभ भट्ट, एसडीएम डॉ. पूजा गुप्ता, एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय, तहसीलदार रजत सिंह आदि अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में सदर तहसील का नेहरू नगर स्थित सामुदायिक केंद्र में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी के समक्ष 25 शिकायतें आई। इनमें से मौके पर सिर्फ 4 शिकायतों का ही निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता को किसी भी समस्या का सामना ना करना पड़े,इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएं। अगर किसी व्यक्ति द्वारा संपूर्ण समाधान दिवस में कोई शिकायत दी जाती है तो उसका प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण गुणवत्ता से समाधान किया जाएं। शिकायतों का निस्तारण होने के बाद फीडबैक अवश्य लिया जाएं। उन्होंने कहा कि जिस अधिकारी व कर्मचारी द्वारा शिकायतकर्ता से वार्ता की गई हो या संबंधित स्थान का निरीक्षण किया गया हो। उसका विवरण रजिस्टर में अंकित किया जाएं। पुलिस विभाग, राजस्व, विद्युत विभाग सहित अन्य विभागों के संबंध में प्राप्त शिकायतों के बारे में शिकायत प्राप्त होते ही शिकायतकर्ता की शिकायत के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का कार्य शुरू कर दिया जाना चाहिए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक सप्ताह के अंतराल में अपने कार्यालय एवं अपने अधीनस्थ कार्यालयों का निरीक्षण किया जाएं। अपने कार्यालय से संबंधित कार्यों के रजिस्टर,उपस्थिति रजिस्टर, आईजीआरएस रजिस्टर, जनसुनवाई रजिस्टर आदि कार्यालयों के सभी कार्यों का रजिस्टर मेंटेन किया जाए। अगर कार्यालय में शिकायतें आती है या नहीं यह आपकी कार्यशैली को दर्शाता है। इसलिए अपने दायित्वों को पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निवर्हन करें। प्रत्येक विभागीय अधिकारी माह में एक बार अपने अधीनस्थों की समस्याओं को सुनें और उसका निदान कराए। फरवरी माह के अंत से पूर्व सभी विभाग ई-फाइल पर कार्य करना सुनिश्चित करें।
सदर तहसील में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल,जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव,एसडीएम सदर अरुण दीक्षित,एसीपी नंदग्राम,जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव, तहसीलदार रवि सिंह आदि अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, लोनी तहसील में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रणविजय सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। उनके समक्ष 36 शिकायतें आई। इनमें से मौके पर सिर्फ 2 शिकायतों का निस्तारण किया गया। इस दौरान एसडीएम लोनी राजेंद्र कुमार,एसडीएम न्यायिक लोनी निखिल चक्रवर्ती, एसीपी लोनी सूर्यबली मौर्य, ईओ लोनी नगर पालिका परिषद केके मिश्रा, तहसीलदार आदि अधिकारी उपस्थित रहे।

















