गाजियाबाद। विदेश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सिखों के खिलाफ जो बयान दिया है वह 84 के दंगों की याद ताजा कर देता है। कांग्रेस ने साबित कर दिया कि वह सिख विरोधी है। ऐसी बयानबाजी देश तोड़ने की राजनीति है। यह बात यहां जारी एक बयान में भाजपा के वरिष्ठ नेता व अल्पसंख्यक आयोग उप्र के पूर्व सदस्य सरदार एसपी सिंह ने कही। श्री सिंह ने कहा कि राहुल गांधी का कथन कि भारत में सिक्खों को पगड़ी पहनने से, कड़ा पहनने से तथा अन्य धार्मिक ककार पहनने से व गुरुद्वारे जाने से रोका जा रहा है, पूर्णत: असत्य और झूठ है। ऐसे दुष्प्रचार से राहुल समाज में वैमनस्य फैला कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है। जबकि वास्तविकता यह है कि 1984 के दंगों में कांग्रेस सरकार में हजारों निर्दोष सिक्खों का कत्लेआम कराया गया व उनकी ऐसी स्थिति कर दी थी कि सिक्ख डर के मारे न तो पगड़ी और न अपने धार्मिक चिन्हों का पहन पा रहे थे और न ही गुरुद्वारे जा पा रहे थे और उनकी स्थिति दोयम दर्जे के नागरिक की बन गई थी।
श्री एस पी सिंह ने कहा कि जबसे केन्द्र में मोदी सरकार व प्रदेश में योगी सरकार आई है सिक्खों को अपना खोया हुआ आत्मविश्वास व आत्मसम्मान वापिस मिला है पूरे भारतवर्ष में पुन: सिक्खों का हर क्षेत्र में डंका बज रहा है। मोदी व योगी सरकार ने सिक्ख गुरुओं व महापुरुषों को समाज के प्रति किये गए उनके सेवा कार्यों व देश व धर्म की रक्षा ख़ातिर दिये गए बलिदान को सम्मान दिया है और इस दिशा में कई ऐतिहासिक घोषणाएं भी की है। मोदी व योगी सरकार द्वारा सिक्खों को दिए गए सम्मान को कांग्रेसी पचा नहीं पा रहे हैं और अनर्गल प्रलाप करके सिक्खों को 84 के नाम पर डरा रहे हैं। श्री सिंह ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि सिक्ख डरने वाले नहीं हैं और कांग्रेस हिन्दू सिक्ख भाईचारे को दोफाड़ करने के अपने मकसद में कभी कामयाब नहीं हो पायेगी।
केंद्र सरकार संविधान के अनुसार सिक्खों की संस्कृति की रक्षा कर रही है और उन्हें पूरा मान सम्मान मिल रहा है। श्री सिंह ने कहा कि वर्तमान में भाजपा का सदस्यता अभियान चल रहा है और समाज के सभी वर्गों में भाजपा की सदस्यता को लेकर बहुत उत्साह है और यही कारण है कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है और यह सम्भव हुआ है समाज के सभी वर्गों के साथ-विकास-विश्वास व प्रयास से। आने वाले 25 वर्षों तक केन्द्र में एनडीए की सरकार $कायम रहेगी और भारत विश्व की तीन बड़ी शक्तियों में स्थान बनायेगा। श्री सिंह ने बताया कि कविनगर में भाभी जी बुटीक के स्वामी हरमीत सिंह के साथ कई महिलाओं ने मिस्ड काल करके भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

















