कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू गिरफ्तार

गाय बचाओ-किसान बचाओ पदयात्रा पुलिस ने रोकी

लखनऊ। कांग्रेस ने ललितपुर जनपद में शनिवार को गाय बचाओ किसान बचाओ पदयात्रा निकालने की कोशिश की। पुलिस द्वारा अनुमति न देने के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता पदयात्रा निकालने की जिद पर अड़ गए। ऐसे में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को समर्थकों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। ललितपुर के दैलवारा कस्बा में पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेसियों ने जमकर हंगामा किया। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर बल प्रयोग करने का आरोप मढ़ा है। जिलाध्यक्ष सहित 2 दर्जन कांग्रेसियों के घायल होने की खबर है। सभी को पुलिस लाइन में रखा गया है। अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह के मुताबिक कांग्रेस को पदयात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी गई थी। इसके बाद भी कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत सहित 50-60 कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकालने का प्रयास किया। जिन्हें दैलवारा कस्बे से गिरफ्तार कर लिया गया। कांग्रेस के ललितपुर जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत ने का कहना है कि प्रदेशाध्यक्ष के नेतृत्व में आज गाय बचाओ-किसान बचाओ पदयात्रा के दरम्यान गौशाला जाते समय कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बल प्रयोग कर दैलवारा कस्बा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के बल प्रयोग करने से 2 दर्जन कार्यकर्ता घायल हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गाय के नाम पर सत्ता में आई भाजपा को न गाय की चिंता है और ना किसानों पर रहम है। राजपूत ने कहा कि सौजना और अमझरा की गौशालाओं में बंद गायें भूखों मर रही हैं और पक्षी जिंदा गायों को नोंच-नोंच कर खा रहे हैं। उधर, कांग्रेस नेताओं का कहना है कि उप्र सरकार मनमानी पर उतारू है। सरकारी की मनमानी के आगे कांग्रेस कतई नहीं झुकेगी। सरकार को गौशालाओं की हालत में सुधार करना चाहिए। ऐसा न होने पर कांग्रेस द्वारा आंदोलन छेड़ा जाएगा।