-नगर आयुक्त ने निर्माणाधीन नाले का निरीक्षण कर गुणवत्ता और प्रगति का लिया जायजा
-केला भट्टा से पोस्टमार्टम हाउस तक नाला, नौ से दस क्षेत्रों और मेरठ रोड औद्योगिक क्षेत्र को देगा राहत
-8.47 करोड़ रुपये की लागत से परियोजना, मानसून से पहले पूरा करने के निर्देश, अन्य जोनों में भी जल निकासी सुधार योजनाएं लागू
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम द्वारा सिटी जोन में बड़े पैमाने पर नाला निर्माण का कार्य जारी है। इस परियोजना के तहत रविवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों के साथ महामाया स्टेडियम के पीछे स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क के समीप निर्माणाधीन नाले का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयसीमा का जायजा लिया। नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि केला भट्टा से लेकर पोस्टमार्टम हाउस तक बनाए जा रहे इस नाले की कुल लंबाई 820 मीटर, चौड़ाई 5.90 मीटर और ऊंचाई 4.55 मीटर निर्धारित की गई है। यह नाला शहर की घनी आबादी वाले क्षेत्रों से दूर बनाया जा रहा है ताकि बरसाती पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सके और नाले के माध्यम से जलभराव की समस्या पर स्थायी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके। मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से प्रगति पर है और टीम को निर्देश दिए गए हैं कि नाले का कार्य अप्रैल माह तक पूर्ण किया जाए।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल सिटी जोन तक सीमित नहीं है, बल्कि नगर निगम द्वारा शहर के अन्य जोनों में भी जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नाला निर्माण एवं सुधार कार्य किए जा रहे हैं।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और कार्य की गति तेज रखी जाए। उन्होंने कहा कि इस नाले के निर्माण से सिटी जोन के लगभग नौ से दस क्षेत्रों में जलभराव की समस्या पर नियंत्रण मिलेगा। इसके अलावा, नाले के पूरा होने से मेरठ रोड औद्योगिक क्षेत्र भी प्रभावित नहीं होगा और वहां व्यावसायिक गतिविधियां सुचारू रूप से चल सकेंगी। इस परियोजना के अंतर्गत जल निकासी से लाभान्वित होने वाले क्षेत्रों में वार्ड संख्या 12 डासना गेट, वार्ड संख्या 59 पुराना शहर चंद्रपुरी, वार्ड संख्या 69 लोहिया नगर, वार्ड संख्या 19 पटेल नगर शिब्बनपुरा, वार्ड संख्या 9 बोझा, वार्ड संख्या 92, 93 और 95 केला भट्टा तथा वार्ड संख्या 8 मालीवाड़ा शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 8.47 करोड़ रुपये है। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि नाले के निर्माण के दौरान बरसाती पानी के प्रवाह की योजना के अनुरूप ठोस डिजाइन अपनाया गया है, जिससे बारिश के पानी की निकासी में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी। इसके अलावा, नगर निगम द्वारा अन्य जोनों में भी जल निकासी सुधार योजनाएं लागू की जा रही हैं, ताकि पूरे शहर में जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
नगर आयुक्त ने कहा कि शहरहित में विकास कार्यों को लगातार गति देने का उद्देश्य आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं प्रदान करना और जीवन स्तर को सुधारना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण में समयसीमा और गुणवत्ता दोनों का पालन सुनिश्चित किया जाए और जनता को असुविधा न हो।
निर्माण कार्य का निरीक्षण करते समय अधिकारियों ने नगर आयुक्त को विस्तार से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और बताया कि कार्य तेजी से हो रहा है। नगर निगम ने यह भी सुनिश्चित किया है कि नाले के निर्माण के बाद बारिश के पानी की निकासी पर नजर रखी जाएगी, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जलभराव समस्या उत्पन्न न हो। इस परियोजना के पूरा होने से न केवल सिटी जोन के निवासियों को बरसात के दौरान राहत मिलेगी, बल्कि नगर निगम द्वारा पूरे शहर में जल निकासी को बेहतर बनाने के प्रयासों का एक सफल उदाहरण भी प्रस्तुत होगा।
















