पार्किंग के नाम पर अवैध रुप से वसूली करने वालों पर चला निगम का हंटर

-नगर निगम की फर्जी बुक छपवाकर वाहन चालकों से कर रहे थे अवैध वसूली, निगम दर्ज कराई एफआईआर

गाजियाबाद। शहर में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। अभियान के तहत नगर निगम की टीम अवैध रूप से बनी पार्किंग और उसके नाम वसूली करने वालों पर अपना शिकंजा कसती नजर आ रही है। शुक्रवार को नगर निगम सीमा अंतर्गत कवि नगर जोन के बुलंदशहर इंडस्ट्रियल एरिया, अमृत स्टील कंपाउंड इंडस्ट्रियल एरिया में आरटीओ कार्यालय के बाहर पार्किंग का बोर्ड लगाकर अवैध रूप से वसूली कर रहे दो लोगों को गिरफ्तार करते हुए कविनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। दरअसल शुक्रवार को नगर आयुक्त को शिकायत मिली कि कवि नगर जोन स्थित बुलंदशहर इंडस्ट्रियल एरिया, अमृत स्टील कंपाउंड इंडस्ट्रियल एरिया में आरटीओ कार्यालय के बाहर अवैध रूप से वसूली हो रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए नगर आयुक्त मुख्य कर निर्धारण अधिकारी को कार्यवाही के लिए निर्देशित किया।

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने कवि नगर जोन के कर अधीक्षक आशुतोष, टैक्स इंस्पेक्टर अनिल और निशा की टीम बनाकर मौके पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। टीम द्वारा जब बताए गए स्थान पर पहुंची तो वहां दो लोगों द्वारा पार्किंग के नाम पर अवैध रू से वसूली करता पाया गया। जबकि कवि नगर जोन अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र आरटीओ कार्यालय के बाहर की पार्किंग के ठेके की अवधि समाप्त हो चुकी है। उसके बाद भी अवैध रूप से वसूली की जा रही थी। मौके पर देवेंद्र और नितिन द्वारा अवैध रूप से गाजियाबाद नगर निगम की फर्जी पार्किंग वसूली बुक छपवाकर वाहन चालकों से वसूली कर रहे थे।

जिनको तत्काल पकड़ते हुए कवि नगर पुलिस को बुलाकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया गया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा प्रभारी पार्किंग और विभाग की अन्य टीम को भी सचेत रहने के लिए कड़े निर्देश दिए गए। शहर में अवैध पार्किंग वसूली को लेकर कड़ी कार्यवाही हो जिसके लिए योजना बनाते हुए जोनल स्तर से कार्य करने के लिए कहा गया।