-शहर को प्लास्टिक फ्री बनाने के लिए नगर निगम ने की कार्रवाई तेज
गाजियाबाद। पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद जिले में सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग गुरुवार को भी अन्य दिनों की तरह जारी रहा। दूध बूथ, सब्जी, फल रेहड़ी के अलावा सेक्टरों की दुकानों में दुकानदार ग्राहकों को पॉलिथीन में सामान देते नजर आए। एक तरफ जहां पाबंदी का कहीं कोई असर नजर नहीं आया, वहीं दूसरी तरफ नगर निगम की टीम इसे सख्ती से लागू करवाने के लिए चालान काटती नजर आई। बाजार में लोग खुलेआम पॉलीथिन में सामान लेकर घूम रहे हैं। फल-सब्जी वाले भी पॉलीथिन में ही सामान दे रहे हैं। ये पालीथिन कहां से आ रही हैं। जिम्मेदार इसका पता नहीं लगा पा रहे हैं। लोग खुद से सुधरने को तैयार नहीं है। बाजार जाते समय घर से थैला लेकर लोग निकले तो प्लास्टिक पर बहुत जल्द प्रतिबंध लगाया जा सकेगा।
शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नगर निगम लगातार जागरूकता अभियान भी चला रहा है। जिसके बाद भी लोगों की आदतों में सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। जागरुकता अभियान के बाद अब नगर निगम ने अपनी कार्रवाई को तेज कर दिया है। रोस्टर के क्रम में गुरुवार को कवि नगर जोन अंतर्गत अभियान चलाया गया। दुकानदारों को रेडी पटरी व्यापारियों को पॉलिथीन का इस्तेमाल न करने के लिए जागरूक भी किया गया। कई स्थानों पर पॉलिथीन बैग और प्रतिबंधित प्लास्टिक प्राप्त हुई। जिसको जब्त किया गया। लगभग 54000 का जुर्माना भी वसूला गया। स्वास्थ्य विभाग जोनल प्रभारी टीम और प्रवर्तन दल टीम भी उपस्थित रही। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश अनुसार कई स्थानों पर जन जागरूकता अभियान भी चलाए गए मोहन नगर जोन अंतर्गत क्षेत्र वासियों को प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने के लिए अपील की गई, मौके पर एसबीएम टीम उपस्थिति रही। नगर निगम द्वारा शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की क्रम में प्रतिदिन बड़ी कार्यवाही की जा रही है जो की सराहनीय हैं।
कवि नगर सी ब्लॉक मार्केट, आरडीसी हल्दीराम स्वीट, राज नगर संजय नगर व अन्य स्थानों पर अभियान चलाते हुए लगभग 17 किलो प्लास्टिक जब्त की है। मोहन नगर के लाजपत नगर क्षेत्र में जन जागरूकता अभियान चलाया गया न केवल व्यापारी वर्ग को ही प्लास्टिक इस्तेमाल न करने के लिए जागरूक किया गया। बल्कि क्षेत्र वासियों को भी प्रतिबंधित प्लास्टिक के बहिष्कार की अपील की गई। नगर निगम द्वारा लगभग 13 दिनों में चार लाख से अधिक जुर्माना प्लास्टिक मुक्त अभियान के दौरान वसूल किया है। जिसमें 7 क्विंटल से अधिक प्लास्टिक जब्त भी की है। नगर निगम की टीम द्वारा लगातार शहर वासियों को प्रतिबंधित प्लास्टिक के बहिष्कार के लिए जागरूक किया जा रहा है। जिसमें नगर आयुक्त द्वारा शहर वासियों से भी पॉलिथीन बैग इस्तेमाल न करने की अपील की गई। बाजार जाने से पूर्व कपड़े का थैला साथ रखने के लिए जागरूक किया गया है।

















