-विकसित भारत संकल्प यात्रा के आयोजित कार्यक्रमों में 1313 पात्रों को मिला योजना का लाभ
गाजियाबाद। विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत केंद्र सरकार की 25 योजनाओं की जानकारी देने के लिए गुरुवार को राजनगर स्थित सेंट्रल पार्क में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। दूसरे चरण में कविनगर रामलीला मैदान में कार्यक्रम की शुरुआत हुई, दोनों कार्यक्रम में कुल 1313 पात्रों ने लाभ प्राप्त किया। नोडल अधिकारी अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव ने बताया शहर में लगातार कार्यक्रम भव्य रूप लेते जा रहे हैं। नगर आयुक्त महोदय के निर्देशानुसार सभी कार्यक्रमों में केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य चल रहा है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना मे 105, आयुष्मान योजना में 137, स्वनिधि योजना में 125, उज्ज्वला योजना में 90, स्वास्थ्य योजना में 802, आधार योजना में 54 लाभार्थियों को लाभ प्राप्त हुआ।
विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान नगर निगम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने सेंट्रल पार्क राज नगर के कार्यक्रम की शुरुआत की। वहीं कविनगर रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत महापौर सुनीता दयाल ने की। राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभार्थियों की जानकारी हासिल की। राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने लाभार्थियों को सर्टिफिकेट के साथ ही उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन और चूल्हे वितरित किए। राज्यमंत्री ने कहा विकसित भारत का संकल्प मोदी या किसी सरकार का नहीं है, यह सभी को विकास के पथ पर साथ लेकर चलने का संकल्प है। विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और लाभ को उन लोगों तक पहुंचाना है जो पीछे रह गए हैं।
तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व की सरकारों के पास नागरिकों का विश्वास नहीं था। उन्होंने कहा कि यह वर्तमान सरकार है जिसने खराब शासन को सुशासन में बदल दिया है और संपूर्णता हासिल करने का लक्ष्य रखा है। सरकार को नागरिकों की जरूरतों को पहचानना चाहिए और उन्हें उनके अधिकार देने चाहिए। यह प्राकृतिक न्याय है, यह सामाजिक न्याय है। राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव और पार्षद प्रवीण चौधरी ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस मौके पर पार्षद प्रवीण चौधरी, पार्षद पप्पू नागर, संजय कश्यप, अमर दत्त शर्मा, प्रदीप चौधरी, रूचि गर्ग, सौरभ जायसवाल समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।


















