गाजियाबाद नगर निगम के रैन बसेरों में मिलेगी घर जैसी सुविधा

-ठंड से बचाव के लिए नगर निगम रैन बसेरों में पुख्ता किए इंतजाम
-नगर आयुक्त ने अधिकारियों की लगाई ड्यूटी, निराश्रित लें निगम का आसरा

गाजियाबाद। बढ़ती ठंड को लेकर नगर निगम ने भी सभी इंतजाम पुख्ता कर लिए है। सर्दी के मौसम में लोगों को फुटपाथ पर रात न गुजारनी पड़े इसके लिए शेल्टर होम व अस्थाई रैन बसेरों की व्यवस्था और शहर में अलाव की व्यवस्था की गई है। अगर आप गाजियाबाद में आ रहे है और आपके पास रुकने के लिए कोई वैकल्पिक स्थान नही है तो इसके लिए नगर निगम ने सभी चौराहे पर दिशा सूचक तथा होल्डिंग्स लगाए है। जिसकी मदद से आपकों शेल्टर होम व अस्थाई रैन बसेरों में रुकने की जगह मिल सकती है। जहां आपको घर जैसी सभी सुविधाएं मिलेगी। आपकों गद्दे, कंबल, चादर, दरी व शौचालयों की व्यवस्था के साथ-साथ मनोरंजन के लिए एलईडी की व्यवस्था कराई गई है। 10 स्थाई एवं 6 अस्थाई रैंन बसेरों की तैयारियां जोरों से चल रही है। निराश्रितों को बढ़ती ठंड से किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसका ध्यान रखा जा रहा है। नगर आयुक्त द्वारा निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नजारत विभाग की विशेष रूप से जिम्मेदारी लगाई है।

नोडल प्रभारी के रूप में संयुक्त नगर आयुक्त ओम प्रकाश को जिम्मेदारी सौंपी है। जिनकी देखरेख में रैंन बसेरों पर सफाई व्यवस्था, रंगाई पुताई का कार्य, अलाव की व्यवस्था, गद्दे कंबल व बिस्तरों की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, मनोरंजन के लिए एलईडी की व्यवस्था, सुरक्षा के लिए गार्ड की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था, उपयुक्त बर्तनों एवं गैस चूल्हे की व्यवस्था व अन्य व्यवस्था भी कराई गई है। गुरुवार को नजारत प्रभारी डॉक्टर अनुज कुमार सिंह ने रैन बसेरों पर पहुंच कर व्यवस्था का जायजा लेते हुए बताया कि 10 स्थाई एवं 6 अस्थाई रैन बसेरों को व्यवस्थित किया जा रहा है। जिसमें ग्रीन हाउस नया गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के समीप, कम्युनिटी सेंटर कौशांबी, डीएलएफ कॉलोनी के पीछे मोहन नगर, कम्युनिटी सेंटर लाजपत नगर, मधुबन कूलर फैक्ट्री के पीछे मालीवाडा चौक, संतोष अस्पताल के सामने पुराना बस स्टैंड, सेक्टर 11 बी ब्लॉक प्रताप विहार विजय नगर, लाल क्वार्टर लोहिया नगर, नासिरपुर फाटक निकट रेलवे क्रॉसिंग कविनगर पर स्थाई रूप से रैन बसेरों की व्यवस्था की गई है। जो की लगातार जारी है, ठंड बढ़ने के साथ-साथ अस्थाई रैंन बसेरों को भी बनाया जाएगा, जिसमें स्थान का चयन किया जा चुका है।

रैन बसेरों में रहेगी चिकित्सा सुविधा
मूलभूत सुविधाओं की की व्यवस्था रैन बसेरों पर कराई गई हैं। वहीं दूसरी ओर चिकित्सा व्यवस्था के लिए भी नगर आयुक्त द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है। आश्रय लेने वाले व्यक्तियों के लिए फर्स्ट एड बॉक्स की सुविधा तो है ही इसके अलावा डॉक्टर भी जल्द नामित किए जाएंगे। ताकि किसी प्रकार की असुविधा मौके पर ना हो और तुरंत इलाज भी दिया जा सकें।

रैन बसेरों की जानकारी के लिए शहर में लगेंगे दिशा सूचक
नगर निगम द्वारा आश्रयहीन एवं यात्रियों के लिए बहुत ही बेहतर व्यवस्था कराई गई है। रैन बसेरों की जानकारी के लिए होल्डिंग्स भी लगाए जाएंगे। शहर में कई स्थानों पर रेन बसेरा तक पहुंचने के लिए दिशा सूचक लगाने की भी कार्यवाही की जा रही है। नगर आयुक्त की योजना के अनुसार नगर निगम द्वारा कराई जा रही व्यवस्था सराहनीय है। जिसकी प्रशंसा जनप्रतिनिधि भी कर रहे हैं। होल्डिंग्स के अंदर जोन अनुसार रैन बसेरों की सूचना दी जाएगी। उनको व्यवस्थित कर रहे जोनल प्रभारियों का भी विवरण दिया जाएगा। जिस पर संपर्क करते हुए संबंधित अपने सर्दी से रुकने की व्यवस्था के लिए वहां आश्रय ले सकता है।

IAS Vikramditya Singh Malik
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त

नगर आयुक्त की अपील
नगर आयुक्त द्वारा निराश्रितों से अपील की गई है कि वह सड़कों पर, चौराहों पर, या सार्वजनिक स्थल के बाहर ना सोए बल्कि। नगर निगम द्वारा व्यवस्थित किए गए आश्रय स्थलों पर ही आसरा ले सकते हैं। जहां पर ठंड से बचाव के लिए तखत, बिस्तर, अलाव की व्यवस्था की गई है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी लाचार, गरीब, बेसहारा, निराश्रित व्यक्ति खुले में अथवा सड़क के फुटपाथ व पटरियों पर सोता हुआ न मिले, इसकी सतत निगरानी की जाए। उन्होंने रैन बसेरा एवं शेल्टर होम्स में रुकने वाले व्यक्तियों को ठंड से बचाने एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए समस्त उपाय, साफ-सफाई, स्वच्छ बेड शीट, कम्बल, गरम पानी, शौचालय, प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था एवं सीसीटीवी आदि का प्रबंध किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक रैन बसेरा एवं शेल्टर होम्स में उपलब्ध कराई गई बेड शीट, कंबल इत्यादि की सफाई नियमित रूप से करने के भी निर्देश दिए हैं।