म्युनिसिपल कमिश्नर के नेतृत्व में विकसित भारत संकल्प यात्रा ने पकड़ी रफ्तार

-14 दिवसों में लाभार्थियों की संख्या बढ़कर हुई 2029
-नगर निगम कैंपों के माध्यम 3166 लाभार्थियों को मिली सहयोग किस्त

गाजियाबाद। म्युनिसिपल कमिश्नर विक्रमादित्य सिंह मलिक की प्लानिंग के अनुसार विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम लगातार शहर में चल रहे हैं। जिसमें अधिकारियों की टीम कार्यक्रमों को सफल बना रही है। लगभग 18 से 20 कार्यक्रम सफलतापूर्वक हो चुके हैं। जिसमें शहर के कई जनप्रतिनिधियों एवं मंत्रियों ने भी प्रतिभाग किया। आयोजित भव्य कार्यक्रमों की प्रशंसा भी की गई। रोस्टर के अनुसार आगामी सप्ताह में रहीसपुर, स्वर्ण जयंती पुरम, शास्त्री नगर व अन्य कई स्थान पर विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। नोडल अधिकारी अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव की देखरेख में केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की योजनाओं के कैंप भी लग रहे हैं। 29 नवंबर से नगर निगम सीमा अंतर्गत विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रारंभ हुई, जो की 26 जनवरी तक जारी रहेगी। लाभार्थियों की संख्या का ग्राफ बढ़ता जा रहा है।

घर-घर तक सरकार की योजनाएं पहुंचने में निगम अधिकारी अहम भूमिका निभा रहे हैं। 29 नवंबर से 13 दिसंबर तक लगभग 14 दिवसों में विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान लग रहे योजनाओं के कैंपों के माध्यम से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत लाभार्थियों की संख्या बढ़कर 2029 हो गई है। जिसमें 10000 की धनराशि ऋण के रूप में 644 लाभार्थियों तक पहुंचाई जा चुकी है। दूसरी 20000 की किस्त समस्त कार्यवाही पूरी करते हुए 1125 लाभार्थियों को पहुंचाई जा चुकी है। इसी क्रम को आगे बढ़ते हुए 260 कर्मचारियों को 50000 की किस्त पहुंचाई जा चुकी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत तेजी से कार्य करते हुए कैंपों के माध्यम 3166 लाभार्थियों को सहयोग किस्त पहुंचाई जा चुकी है। जिसके क्रम में पहले 50000 रुपए की किस्त आवास बनाने के लिए 2734 लाभार्थियों को पहुंच चुकी है।

दूसरी डेढ़ लाख की किस्त 147 लाभार्थियों तक पहुंच चुकी है। 285 लाभार्थियों को अंतिम किस्त 50000 की पहुंच चुकी है। विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान अन्य योजनाओं में भी लाभार्थियों की संख्या मे इजाफा देखने को मिला है। उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 40 से बढ़कर लाभार्थियों की संख्या 269 हो गई है। आयुष्मान के अंतर्गत कैंप के दौरान 107 से बढ़कर 519 हो गई है। फ्री हेल्थ चेकअप योजना के अंतर्गत लाभार्थियों की संख्या 107 से बढ़कर 2254 हो गई है। आधार कार्ड कैंप में लाभार्थियों की संख्या 12 से बढ़कर 302 हो गई है। केंद्र तथा राज्य सरकार की अन्य योजनाओं में भी लाभार्थियों की संख्या बढ़ती जा रही है। विकसित भारत संकल्प यात्रा से जन-जन तक योजनाओं की जानकारी पहुंच रही है।