जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने किया कलेक्ट्रेट पर ध्वजारोहण

-स्वदेशी अपनाने, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, राष्ट्रपति पदक विजेता सुजीत कुमार हुए सम्मानित

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आजादी के 79वें पर्व पर कलेक्ट्रेट परिसर शुक्रवार को देशभक्ति की गूंज से सराबोर हो उठा। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान की मधुर ध्वनि के बीच तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद महात्मा गांधी सभागार में आयोजित मुख्य समारोह में जिले के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने स्वतंत्रता दिवस उत्सव को और भी गरिमामय बना दिया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक भारतवासी का मन देश प्रेम, देश भक्ति और देश सेवा की भावना से ओत-प्रोत होना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह आत्मचिंतन और संकल्प का दिन है। हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम सदैव जनहित, देशहित और प्रकृति हित में कार्य करेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वदेशी उत्पादों का उपयोग आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला है। जब-जब हम स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करेंगे, तभी हमारा देश वास्तव में विकसित राष्ट्र के रूप में खड़ा हो सकेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और विकसित भारत के निर्माण के लिए हर नागरिक को अपने तन, मन और आचरण में भी स्वच्छता और सजगता को अपनाना होगा। विकास की तेज रफ्तार के साथ हमें प्रकृति और पर्यावरण का विशेष ध्यान रखना है।

जल और पौधों का संरक्षण वर्तमान और भविष्य दोनों के लिए आवश्यक है। कार्यक्रम में जनपद गाजियाबाद के गौरव, राष्ट्रपति पदक विजेता वर्ष 2025 के श्री सुजीत कुमार को जिलाधिकारी द्वारा शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। यह क्षण पूरे जनपद के लिए गर्व और उत्साह से भरा रहा। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे अधिकारी और कर्मयोगी गाजियाबाद की पहचान को और ऊंचा करते हैं। कार्यक्रम के दौरान केडीबी स्कूल के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस पर आधारित देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। इन गीतों ने सभागार का वातावरण भावनाओं से भर दिया। जिलाधिकारी ने सभी प्रस्तुति देने वालों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया और उनकी प्रतिभा की सराहना की।

कार्यक्रम में एडीएम ई रणविजय सिंह, एडीएम एल/ए विवेक मिश्र, एडीएम सिटी विकास कश्यप, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय, आईएएस अयान जैन, आबकारी अधिकारी संजय सिंह और सिविल डिफेंस चीफ वार्डन ललित जायसवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और स्वतंत्रता दिवस की महत्ता पर विचार व्यक्त किए। वहीं एडीएम जे अंजुम बी, सीटीओ पुष्पांजलि, जिला सूचना अधिकारी योगेन्द्र प्रताप सिंह सहित कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारी और स्टाफ बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन प्रमोद ने बेहद आकर्षक अंदाज में किया। अंत में सभी उपस्थित लोगों को मिष्ठान वितरित किया गया। इस प्रकार स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन देशभक्ति, सम्मान और संकल्प के संदेश के साथ संपन्न हुआ।