-महापौर सुनीता दयाल व नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने दी शुभकामनाएं, पर्यावरण संरक्षण व स्वच्छता के लिए किया आह्वान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। 79वां स्वतंत्रता दिवस गाजियाबाद नगर निगम द्वारा शुक्रवार को अद्वितीय उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। नगर निगम मुख्यालय पर आयोजित समारोह में महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। राष्ट्रगान की गूंज के बीच उपस्थित पार्षदों, अधिकारियों और नगर निगम कर्मियों ने देशभक्ति के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। महापौर तथा नगर आयुक्त ने शहरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि हर नागरिक को राष्ट्रहित में योगदान देने के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता और स्वदेशी उत्पादों के उपयोग पर बल दिया। महापौर ने कहा कि हर घर तिरंगा और हर घर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना ही सच्ची देशभक्ति है।
स्वतंत्रता दिवस का एक भव्य कार्यक्रम एम.बी. गर्ल्स नगर निगम स्कूल, चंद्रपुरी में भी आयोजित किया गया। यहां राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्कूल की छात्राओं ने घरों में रखे वेस्ट मटेरियल का उपयोग कर उपयोगी वस्तुएं बनाई और प्रदर्शनी लगाई। महापौर और नगर आयुक्त ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर छात्राओं की सृजनशीलता की सराहना की और उन्हें देशहित व पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कैबिनेट मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार सुनील शर्मा मनन धाम शहीद स्थल पहुंचे। उन्होंने ध्वजारोहण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल और अन्य प्रशासनिक व निगम अधिकारी अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, चीफ इंजीनियर एन.के. चौधरी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, मुख्य नगर लेखा परीक्षक विवेक सिंह की उपस्थिति में शहीद परिवारों का सम्मान भी किया गया। इस दौरान पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया और सिविल डिफेंस ने भी विशेष सहयोग दिया। गाजियाबाद नगर निगम ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर के विभिन्न शहीद स्थलों को सजाया और हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। समारोह ने न केवल देशभक्ति की भावना को प्रबल किया बल्कि स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-संवेदनशील शहर बनाने की दिशा में निगम की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित किया।

















