-5100 दीप, एलईडी, रंग बिरंगी लाइट, झंडे व भव्य सजावट की व्यवस्था
-निगम अधिकारियों में उत्साह, बढ़ चढ़कर आयोजित कार्यक्रमों में कर रहे प्रतिभाग
गाजियाबाद। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर शहर में उत्सव सा माहौल है। रामलला के स्वागत में गाजियाबाद शहर को अयोध्या सा सजाया जा रहा है। अयोध्या में आज सोमवार को भगवान श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के मद्देनजर रविवार को ही नगर निगम अधिकारियों ने शहर के मंदिरों से लेकर मांगों को पूरी तरह से सजा दिया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक का कहना है कि शहर में दीपावली का माहौल है। शहर में 5100 दीप जलाने के साथ एलईडी स्क्रीन पर कार्यक्रम दिखाया जाएगा। वहीं शहर में रंग-बिरंगी लाइटें, झंडे आदि भव्य रूप से सजावट की गई है। नगर आयुक्त ने कहा कि 22 जनवरी का यह दिन ऐतिहासिक है। इसे भव्य बनाने के लिए निगम अधिकारी जुटे हुए हैं।
इसको लेकर हर्षोल्लास के साथ नगर निगम के अधिकारी सड़कों पर व्यवस्था करते हुए नजर आए। कालका गढ़ी चौराहे से हापुड़ रोड होते हुए मुख्य मार्ग, नेहरू नगर होली चाइल्ड चौराहा से नगर निगम मुख्यालय,जोनल कार्यालयों एवं शहर के प्रमुख मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया। नगर निगम के सभी विभाग के अधिकारी व्यवस्था में लगे हुए रहे। इनमें चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, प्रकाश प्रभारी आश कुमार, जलकल विभाग के महाप्रबंधक कामाख्या प्रसाद आनंद टीम के साथ शहर के मंदिरों से लेकर मांगों को सजाने में लगे रहे।
नगर आयुक्त ने बताया कि भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर शहर को मंदिर से सजाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्य मार्गों, चौराहों को रंग-बिरंगी चुन्नट से सजाया गया है। मुख्य मंदिरों और शहीद स्थलों पर रंग-बिरंगी लाइट लगवाई गई है। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर 26 जनवरी तक कई मार्गों पर तिरंगा लाइटिंग भी लगाई गई है। सिद्धपीठ दूधेश्वर नाथ मंदिर समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर झंडे भी लगाए गए हैं। अयोध्या से सीधा प्रसारण आज मंदिरों में शहरवासियों को देखने को मिलेगा। इसके लिए 10 एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। नगर निगम मुख्यालय पर 5100 दीपों से उत्सव मनाया जाएगा। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। यहां पर दो अयोध्या धाम मंदिर की प्रतिमा भी बनाई गई है। इसकी फूलमाला से सजावट की गई है।
संस्थाएं भी शहर में हर्षोल्लास से इस ऐतिहासिक दिवस को महोत्सव के रूप में मना रहे हैं। शहर में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। खासतौर पर धार्मिक स्थलों के बाहर विशेष सफाई अभियान चलाए गए हैं। नगर आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि वह अनुष्ठानों को भव्यता से मनाए और साफ -सफाई का विशेष ध्यान रखें। शहर की स्वच्छता में सहयोग करें। नगर निगम टीम स्वच्छ तीर्थ के अंतर्गत शहर के मुख्य मार्गों के साथ-साथ आंतरिक गलियों में भी अभियान के रूप में सफाई कर रही है। इसमें कई धार्मिक,सामाजिक संस्थाएं भी सहयोग कर रहे हैं।




















