-29754 लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ
गाजियाबाद। विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। नगर निगम द्वारा शहर में विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत 66 कार्यक्रम आयोजित कराए गए। इनमें लगभग 29754 लाभार्थियों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिला।महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक के नेतृत्व में यह कार्यक्रम आयोजित कराए गए।नगर आयुक्त ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के सफलतापूर्वक कार्यक्रमों के समापन होने पर जनप्रतिनिधियों का आभार प्रकट किया। 29 नवंबर 2023 से नगर निगम द्वारा अपनी सीमा क्षेत्र में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम की शुरुआत की थी। नगर निगम के अधिकारियों एवं टीम ने इसमें प्रमुखता से भूमिका निभाई।पांचों जोन क्षेत्र में अलग-अलग कार्यक्रम किए गए। रविवार को अंतिम दिन वसुंधरा जोन क्षेत्र अंतर्गत भव्यता से वार्ड-77 वैशाली सेंट्रल पार्क में पहला कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसमें मुख्य अतिथि पूर्व महापौर आशा शर्मा रहीं।जबकि दूसरा कार्यक्रम साहिबाबाद गांव वार्ड-40 में हुआ। इसके मुख्य अतिथि के रूप में साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा ने शिरकत की। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अरुण यादव, वसुंधरा जोनल प्रभारी सुनील राय,पार्षद हिमांशु चौधरी, पार्षद विनय चौधरी आदि मौजूद रहे। सभी पांचों जोन क्षेत्र में भव्यता से विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम आयोजित हुए।नोडल प्रभारी अरुण कुमार यादव ने कार्यक्रमों की कमान संभालते हुए जोनल प्रभारियों और अन्य टीम के साथ कार्यक्रम का सफल बनाया। इसमें जनप्रतिनिधियों,पार्षदों और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का भी सहयोग रहा।
कार्यक्रम के दौरान उज्ज्वला योजना में सभी कार्यक्रमों में 1014 लाभार्थी, पीएम स्वनिधि योजना में लगभग 900, पीएम आवास योजना में लगभग 1500 लाभार्थियों ने योजनाओं का लाभ लिया। अपर नगर आयुक्त अरुण यादव ने बताया कि महापौर और नगर आयुक्त के नेतृत्व में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सरकारी योजनाओं के शिविर लगाने से लेकर अन्य व्यवस्थाओं के साथ विकसित भारत संकल्प यात्रा के 66 कार्यक्रम संपन्न कराए गए। प्रदेश शासन से आई वैन को भी रवाना किया। इन 66 कार्यक्रमों में लगभग 29754 लाभार्थियों ने सरकार की योजनाओं का लाभ मिलने के बाद नगर निगम टीम और जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद प्रकट किया।


















