-मुख्य अतिथि पार्षद कुसुम गोयल और पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल रहे उपस्थित, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बिखेरी रौनक
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दीपों के पर्व दीपावली का उल्लास कौशांबी क्षेत्र के शिवालिक टॉवर में विशेष अंदाज में देखने को मिला, जहाँ टॉवर वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा दीपावली महोत्सव का आयोजन बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। टॉवर परिसर रंग-बिरंगी रोशनी, साज-सज्जा और पारंपरिक परिधानों से जगमगा उठा। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद कुसुम गोयल मुख्य अतिथि और पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आगमन पर टॉवर वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष लता सिंघल और उनकी पूरी टीम ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्य अतिथि पार्षद कुसुम गोयल ने सभी निवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और कहा कि यह पर्व अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है।
उन्होंने अपने संबोधन में क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी भी दी। साथ ही सभी निवासियों से अपील की कि वे सामुदायिक सहयोग और स्वच्छता के प्रति सजग रहें। पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में आपसी सौहार्द और एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने शिवालिक टॉवर निवासियों की एकजुटता और सामाजिक भावना की प्रशंसा की। दीपावली महोत्सव के दौरान बच्चों और महिलाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। संगीत, नृत्य और दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रमों ने पूरे माहौल को उल्लासमय बना दिया।
निवासियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियाँ साझा कीं। इस अवसर पर ललित गुप्ता, शिवराम, राजेश मल्होत्रा, गीता महेश्वरी, अभिषेक, संदीप आनंद, अर्चना शर्मा, धीरज जैन, दीपक गुटगुटिया, प्रियंका, मनीषा, राजन सहित बड़ी संख्या में टॉवर निवासी एवं अतिथि मौजूद रहे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि शिवालिक टॉवर में इस तरह का भव्य दीपावली उत्सव हर वर्ष आयोजित किया जाना चाहिए। दीपों की जगमगाहट, हँसी-खुशी और सामाजिक एकता के संदेश के साथ यह कार्यक्रम देर शाम तक चलता रहा और सभी ने एकता और उमंग भरी दीपावली का आनंद लिया।
















